सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- पिछली सरकारें चीनी मिलों को बेचती थीं, हम बिजली व रोजगार दे रहे Gorakhpur News
UP CM योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में पिपराइच चीनी मिल में पेराई का शुभारंभ किया।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारें चीनी मिलों को बेचने का कार्य करती थीं और हम बंद चीनी मिलों को खोलने का कार्य कर रहे हैं। चीनी मिलों से रोजगार व बिजली देने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर पिपराइच चीनी मिल पेराई सत्र के उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
27 मेगावाट की बिजली पैदा होगी
सीएम ने कहा कि पिपराइच की यह चीनी मिल गोरखपुर के लोगों का सपना थी। इसके लिए उन्होंने भाजपा व हियुवा के तमाम नेताओं के साथ धरना दिया है। वर्ष 2011 में इस चीनी मिल को बंद कर दिया गया। बताया कि इस चीनी मिल से 27 मेगावाट की बिजली पैदा होगी। चीनी मिल जब बंद हुई थी तो यहां 8000 क्विंटल गन्ने की पेराई होती थी। अब यहां से रोजाना 50 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई होगी। अगले चरण में यहां एक आधुनिक डिस्टलरी की स्थापना की जाएगी।
एथेनॉल, डीजल और पेट्रोल तैयार होगा
उन्हाेंने कहा कि यहीं से एथेनॉल के जरिए डीजल व पेट्रोल तैयार किया जाएगा। सिर्फ बिजली से ही इस मिल को 30 करोड़ का लाभ होगा। किसानों के लिए चीनी मिल का महत्व बताते हुए कहा कि एक मिल के बंद होने 50 हजार किसानों की खुशहाली पर ब्रेक लगता है। एक हजार युवाओं का रोजगार प्रभावित होता है। इसके साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री की अपील
मुख्यमंत्री ने सभा के दौरान लोगों से अपील की खेतों पराली न जलाएं। गन्ने की पत्तियों से वर्मी कम्पोस्ट तैयार करें।कोई भी बच्चा अनपढ़ न रह जाए। सरकार सरकारी स्कूलों को बच्चों के लिए ड्रेस, मोजा, जूता दे रही है। बच्चों को सरकार स्वेटर देने जा रही है। सरकारी स्कूलों में कान्वेंट से बेहतर पढ़ाई के लिए जोर दिया जा रहा है। ऐसे में कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रह जाये। लोग सड़क की पटरियों पर नहीं, बल्कि रेन बसेरों में सोएं। नगरीय क्षेत्रों रेन बसेरे स्थापित कराए जा रहे हैं। ऐसे शहर में रोजगार के लिए गरीब, मजदूर तबके के लोग रैनबसेरों में ही रात गुजारें।
रामगढ़ ताल पर फ़िल्म बनाएं रविकिशन
सीएम ने सांसद रविकिशन से कहा कि रामगढ़ झील प्रकृति की एक अनमोल भेंट है। लोग उसमें कूड़ा डालते थे। आज उसे सवांर कर आकर्षक, दिव्य बना दिया गया है। रविकिशन इस लोकेशन पर फ़िल्म बनाएं और उसमें विधायक शीतल पाण्डेय को हीरो के रूप में लें। फ़िल्म के पहले ही दिन दर्शकों की अपार भीड़ होगी।
मंच से किया लल्लन त्रिपाठी का अभिनन्दन
चीनी मिल के लिए संघर्ष करने के लिए मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक लल्लन त्रिपाठी का मंच से अभिनंदन किया। इसके अलावा कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा, आनंद सिंह, रविन्द्र कुशवाहा, लव सिंह आदि का नाम लेकर उनके प्रयासों की सराहना की।