ठंड से बचाव के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिये निर्देश, कहा- डीएम खुद करें रात में रैन बसेरों का निरीक्षण
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ठंड के दौरान हुई बारिश को देखते हुए सभी नगर निकायों व जिला प्रशासन को गरीबों व निराश्रितों के लिए रैन बसेरों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ठंड के दौरान हुई बारिश को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सभी नगर निकायों और जिला प्रशासन को गरीबों और निराश्रितों के लिए संचालित रैन बसेरों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिलाधिकारियों को रात्रि भ्रमण कर रैन बसेरों का निरीक्षण करने और वहां सभी सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ठंड से बचाव के लिए हर हाल में जरूरतमंदों के लिए कंबल और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने सभी जिलाधिकारियों को रात्रि भ्रमण कर रैन बसेरों का निरीक्षण करने तथा जरूरतमंदों को सभी निर्धारित सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) January 3, 2020
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब तक जरूरतमंदों के बीच पांच लाख से अधिक कंबल बांट चुकी है। जिलों में रैन बसेरे स्थापित किये गए हैं। वर्तमान समय में 2500 से अधिक रैन बसेरे संचालित हैं। सामाजिक संगठनों से भी आह्वान किया गया है कि वह जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
मिल गेट पर अलाव न जला तो होगी कार्रवाई
कड़ाके की ठंड में चीनी मिलों पर गन्ना तौलाई के लिए रातों में लंबी कतार लगाए रहने वाले ठिठुरते किसानों की सुध मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद गन्ना विभाग ने ली है। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि चीनी मिलों व अन्य क्रय केंद्रों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों से मिली शिकायतों को ध्यान में रखतेे हुए अधिकारियों को मौके पर जाने और अलाव जलाने सुनिश्चित कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी रात्रि में निरीक्षण करने निकलेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।