बैजनाथ पपरोला में प्रचार में डटे उम्मीदवार
कांगड़ा जिले की नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला में निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रचार तेज हो गया है। यहां के 11 वार्डों में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंक दी है।
बैजनाथ, राजकुमार सूद। नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला में चुनावी जंग की जीत के लिए प्रचार तेज हो गया है। हालांकि इस बार मतदाताओं में चुनाव को लेकर कोई खास उत्साह नजर नहीं आ रहा है। लेकिन यहां के 11 वार्डों में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंक दी है। यहां नामांकन वापस लेने के बाद अब 50 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 10 जनवरी को होने वाले मतदान में 14,200 वोटर 50 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां के वार्ड नंबर एक की बात करें तो इसमें पांच महिला उम्मीदवार आमने सामने हैं। इनमें रुचि कपूर, सोनिया लगवाल, वेदना कुमारी, सविता पराशर व सिकंदरा देवी शामिल हैं। यहां मुकाबला काफी रोचक होने जा रहा है। इस वार्ड से इस बार बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत की अध्यक्ष रुचि कपूर भी मैदान में हैं। इस बार नगर पंचायत के अध्यक्ष का पद एससी महिला के रिजर्व होने के कारण सभी की निगाह वार्ड दो पर हैं। इस वार्ड से रितु, शम्मी, बिंदिया व नीलम मैदान पर हैं। वार्ड तीन में अमित कपूर, सुमित व प्रेमपाल रैना के बीच मुकाबला होगा। वार्ड चार से चंपा चौधरी, शिवानी, मोनिका, वर्षा, सरोज व संगीता मैदान में हैं। वार्ड पांच में भी मुकाबला रोचक होगा। यहां से दया देवी, मनोज, संजय, विनोद, तरसेम, विजय व प्रेम चंद मैदान में हैं। वार्ड छह उस्तेहड़ से आशा कौल, कांता देवी, रीता देवी, सुकेश लता, धूमा देवी व श्रेष्ठा के बीच मुकाबला होगा। वार्ड सात खूह बाजार में अनीता सूद व गौरव सूद तथा वार्ड आठ में राजन चौधरी व अशोक कुमार के बीच मुकाबला होगा। वार्ड नौ से राजेश वर्मा, राजेश कुमार, बालक राम व रमेश चंद्र तथा वार्ड दस में मुकेश छन्नू, बीना विज, दीपक मेहरा, प्रताप मेहरा व अंजु बाला मैदान में हैं। जबकि वार्ड 11 से सुमना कपूर, आशा देवी, विमला देवी, मंजू व सरस्वती चंद्रा के बीच मुकाबला होगा।
वार्ड एक में सबसे अधिक मतदाता
बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक में सबसे अधिक 1976 मतदाता हैं। दूसरे स्थान में वार्ड तीन में 1725 मतदाता तथा तीसरे स्थान में वार्ड नंबर दस में 1550 तथा वार्ड नंबर छह में 1405 मतदाता हैं। जबकि वार्ड नौ में 1316, वार्ड दो में 1135, वार्ड चार में 1095 तथा वार्ड नंबर पांच में 1060 मतदाता हैं। वार्ड नंबर 11 में सबसे कम 867 मतदाता हैं। इस नगर पंचायत में महिलाओं में मुकाबले पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां पुरूष मतदाता 7022 तथा महिला मतदाता 6903 हैं। इस बार यहां एक हजार से अधिक मतदाताओं वाले वार्ड में दो पोलिंग बूथ लगाए जाएंगे।