बादल से मुलाकात के बाद अमृतसर पहुंचे BJP अध्यक्ष नड्डा, उमड़ी भीड़ से भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड़्डा ने पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल से उनके गांव में मुलाकात की। इसके बाद वह अमृतसर पहुंचे। नड्डा के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ता उमड़ पड़े।
मुक्तसर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज पंजाब के दौरे पर पहुंचे। वह शिरोमणि अकाली दल के सरपस्त और पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल से मिलने उनके पैतृक गांव बादल पहुंचे। इसके बाद वह अमृतसर पहुंचे। नड्डा के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ता उमड़े पड़े। रास्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। उनके साथ पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता थे। माना जा रहा है कि नड्डा के पंजाब दौरे के दौरान भाजपा ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गुरु नगरी पहुंचे जेपी नड्डा का भाजपा नेताओं ने गोल्डन गेट पर भव्य स्वागत किया। बारिश के बीच बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पमाला पहनाते हुए गुर्ज (गदा) भेंट किए। नड्डा के स्वागत में विशेष रूप से पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी, प्रोफेसर लक्ष्मीकांता चावला, राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक, केडी भंडारी, सुभाष शर्मा, रजिंदर मोहन सिंह छीना के अलावा बड़ी संख्या में पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा उनके साथ ही अमृतसर पहुंचे। स्वागत के बाद नड्डा हयात होटल पहुंचे जहां उन्होंने प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की।
अमृतसर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करते पार्टी के नेता व कार्यकर्ता।
इससे पहले बादल में प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात के बाद नड्डा ने कहा कि पूर्व सीएम बादल से उनका पुराना नाता है और वह उनको अपने बेटे की शादी का निमंत्रण देने आए थे। इस मुलाकात से शिअद और भाजपा केे रिश्तों में नई गर्माहट की उम्मीद है। नड्डा का इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सड़कों पर काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उमड़े और पूरा नजारा भाजपा के शक्ति प्रदर्शन का सा हो गया।
अमृतसर पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करते कार्यकर्ता।
बादल से मुलाकात के बाद जेपी नड्डा शाम में अमृतसर पहुंचे। बारिश के मौसम के बावजूद भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे और नड्डा का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने गदा भेंटकर उनका स्वागत किया। नड्डा ने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और पार्टी के लिए पूरी मेहनत से जुट जाने को कहा। नड्डा इसके बाद श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के लिए गए। वह दुर्ग्याणा मंदिर भी जाएंगे।
इससे पहले अपने घर पर नड्डा का प्रकाश सिंह बादल ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि नड्डा पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद आशीर्वाद लेने आए हैं। इससे पहले नड्डा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा का झंडा ले रखा था। नड्डा के साथ भाजपा के पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता भी हैं। बादल के घर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है।
गांव बादल में प्रकाश सिंह बादल के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा।
पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात करने के बाद जेपी नड्डा मीडिया के मुखातिब हुए। उन्होेंने कहा कि वह आज प्रकाश सिंह बादल को अपने बेटे की शादी का निमंत्रण देने के लिए आए थे। जहां तक राजनीति का सवाल है तो शिरोमणि अकाली दल हमारा बहुत पुराना परखा हुआ सहयोगी है। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा एनडीए को मजबूत करने में लगे हुए हैं।
नड्डा ने कहा, 'प्रकाश सिंह बादल से मेरा आज का नहीं बल्कि बहुत पुराना नाता है। जब मैं छात्र राजनीति में था तब से प्रकाश सिंह बादल का आशीर्वाद मुझ पर है। मैं आज उनसे यहां आशीर्वाद लेने आया था। बादल से मुलाकात के बाद नड्डा सड़क मार्ग से अमृतसर रवाना हो गए।
इससे पहले नड्डा बठिंडा के भिसीआना एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से मुक्तसर जिले के बादल गावं के लिए रवाना हुए। रास्ते में उनका कई जगहों पर स्वागत किया गया। नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा तीन दिनों से जुटे हुए थे। नड्डा का एयरपोर्ट पर बठिंडा और फरीदकोट के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद उनकागांव विर्क कलां, गांव बल्लूआना के पास और रिंग रोड पर भाजपा कार्यकताओं ने स्वागत किया।
नड्डा यहां से गांव बादल में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ मुलाकात के बाद अमृतसर की ओर रवाना हुए। रास्ते में भाजपा के कार्यकर्ता जगह-जगह नड्डा का स्वागत कर रहे हैं। भाजपा की कमान संभालने के बाद नड्डा की पूर्व सीएम बादल से पहली मुलाकात थी। नड्डा अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब और श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में नतमस्तक होंगे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढ़ें: परिवार के पांच लाेगों की सामूहिक खुदकुशी मामले में डीएसपी व पूर्व डीआइजी सहित छह दोषी करार