Coronavirus: चित्तौड़गढ़ से भाजपा सांसद सीपी जोशी हुए कोरोना पॉजिटिव
Coronavirus चित्तौड़गढ़ से भाजपा के सांसद चंद्रप्रकाश जोशी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देकर उन्होंने अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों को होम क्वारंटाइन होने तथा खुद की जांच कराने का आग्रह किया है।
उदयपुर, संवाद सूत्र। Coronavirus: राजस्थान में चित्तौड़गढ़ से भाजपा के सांसद चंद्रप्रकाश जोशी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देकर उन्होंने अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों को होम क्वारंटाइन होने तथा खुद की जांच कराने का आग्रह किया है। सांसद जोशी ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देने के बाद नगर परिषद ने सांसद कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड द्वारा
सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। राजस्थान में मंगलवार को 1796 कोरोना संक्रमित मिलने के साथ ही 14 लोगों की मौत हुई। प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 1867 तक पहुंच गई। वहीं संक्रमितों का कुल आंकड़ा एक लाख 89 हजार 844 हो गया। एक्टिव केसों की संख्या 15,949 है।
कोटा में नगर निगम चुनाव के प्रभारी हैं सांसद जोशी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को कोटा संभाग का प्रभारी बना रखा है और वहां नगर निगम चुनाव प्रचार की कमान भी वह संभाले हुए थे। दो दिन पहले उनकी अचानक तबियत खराब होने पर वह चित्तौड़गढ़ लौटे तथा यहां आकर कोरोना की जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकले। जिसके बाद सांसद जोशी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी उन सभी लोगों को दी है, जो पिछले दिनों में उनके संपर्क में आए। उन्होंने आग्रह भी किया है कि जो उनके निकट संपर्क में आए हैं, वे होम क्वारंटाइन हो जाए। साथ ही लक्षण दिखाई देने पर कोरोना टेस्ट अवश्य कराएं।
एक दिन पहले चित्तौड़गढ़ में कार्यकर्ताओं की थी बैठक
सांसद जोशी ने सोमवार शाम चित्तौड़गढ़ की एक निजी वाटिका में पंचायती राज चुनाव को लेकर हुई भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली तथा उसके बाद जनसुनवाई में भाग लिया। सांसद के निकटतम भाजपा जिला उपाध्यक्ष रघु शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर सांसद के कोरोना पॉजिटिव आने की बात साझा करते हुए स्वयं
को होम क्वारंटाइन कर लिया।
राजसमंद विधायक माहेश्वरी भी कोरोना पॉजिटिव
कोटा में नगर निगम चुनाव प्रचार में जुटी राजसमंद से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई। बुधवार को उन्होंने तबियत खराब होने पर कोरोना की जांच कराई थी और पॉजिटिव आने पर सोशल मीडिया के जरिए सूचना जारी कर उनके संपर्क में आने वाले लोगों को होम क्वारंटाइन होने की सलाह
दी है।