Rajasthan: कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राज्यपाल से मिले भाजपा नेता, राजस्थान को बताया क्राइम कैपिटल
Rajasthan भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया उप नेता राजेंद्र राठौड़ व सांसद जसकौर मीणा ने राज्यपाल से मुलाकात कर कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan: राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था और दुष्कर्म के मामलों को लेकर भाजपा बुधवार को राज्यपाल कलराज मिश्र के पास पहुंच गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, उप नेता राजेंद्र राठौड़ व सांसद जसकौर मीणा ने राज्यपाल से मुलाकात कर कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से कानून व्यवस्था की समीक्षा कराने की मांग करते हुए कहा कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें। राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद पूनिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश के इतिहास में यह ऐसी लचर सरकार आई है, जो कि बेहद कमजोर है। यह ना तो अपनी पार्टी को संक्रमण से बचा पा रही हैं, ना ही सरकार को बचा पा रही है।
पूनिया ने कहा कि उससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि प्रदेश में लगातार अपराध के आंकड़े बढ़ रहे हैं। सरकार का इकबाल खत्म हो गया है। प्रदेश में पूर्णकालिक गृहमंत्री पिछले 20 माह में नहीं बना है। सरकार हर मोर्चे पर विफल हो रही है। सरकार बच्चियों को न्याय दिलाने में सक्षम नहीं दिख रही है। सरकार इस समय एक बुरे पिता की भूमिका में दिखाई दे रही, प्रदेश के हालात क्राइम कैपिटल जैसे हो गए हैं। कटारिया ने कहा कि सितंबर में प्रदेश के हर हिस्से में दुष्कर्म की घटनाओं की खबर आई हैं।
सिरोही की घटना ने तो हर किसी को दहला दिया है। ज्यादातर मामलों में सरकार की लापरवाही देखी गई है। ऐसे मामलों में न्याय नहीं मिलने से पीड़ितों ने आत्महत्या तक की है। कटारिया ने कहा कि प्रदेश में 2018 की तुलना में दुष्कर्म के मामले 14 फीसद ज्यादा बढ़े हैं। प्रदेश का दुष्कर्म की घटनाओं में देश में पहले नंबर पर होना दुखद है। पिछले महीने आठ बार अलग-अलग जगह पुलिस की पिटाई हुई है। वहीं, सांसद दिया कुमारी ने भी इन्हीं मामलों को लेकर राज्यपाल कलराज मिश्र को एक अलग ज्ञापन दिया है।