यूपी के पंचायत चुनाव में भाजपा का विकास और राष्ट्र निर्माण पर फोकस, चरणबद्ध होंगी बैठकें
भाजपा मुख्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में मंडल और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने व चरणबद्ध बैठकें करने की कार्ययोजना तैयार की गई।
लखनऊ, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सेमीफाइनल मानकर तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने ग्रामीण विकास के साथ राष्ट्र निर्माण पर फोकस करने का फैसला लिया है। गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में मंडल और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने व चरणबद्ध बैठकें करने की कार्ययोजना तैयार की गई। हालांकि तीन घंटे चली बैठक में यह निर्णय नहीं हो सका कि उम्मीदवार किस स्तर पर उतारे जाएं।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की उपस्थिति में पंचायत चुनाव से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की रणनीति पर चर्चा हुई। सपा-बसपा को मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानते हुए छोटे दलों से मिल रहीं चुनौतियों को ध्यान रखने पर जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली व विकास पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चुनाव में उतरा जाएगा और परिवारवाद, वंशवाद व जातिवाद से हटकर राष्ट्रवाद के विस्तार पर फोकस किया जाएगा। पंचायत चुनाव के जरिए ऐसे कार्यकर्ताओं का भी निर्माण होगा जो राष्ट्र निर्माण व विकास के कार्य को प्राथमिकता दें।
महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पंचायत चुनाव की योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सपा व बसपा जैसे दलों ने पंचायत चुनावों में बाहुबलियों व धनाड्य लोगों को सत्ता का दुरुपयोग करके चुनाव जिताया। इस कारण भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। मंडल, जिला व ब्लॉकस्तर तक पहले संगठनात्मक ढांचा मजबूत करें। महामंत्री व पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने बताया कि अभी यह निर्णय नहीं हुआ कि किस स्तर पर पंचायत चुनावों में उम्मीदवार उतारे जाएं। संगठनात्मक ढांचा तैयार करके मंडल, जिला व ब्लाक स्तर पर चरणवार बैठकें होंगी।
संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी
पंचायत चुनाव के लिए प्रदेश प्रवक्ता एवं आईटी सेल प्रमुख संजय राय और कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक को पश्चिम क्षेत्र, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह को ब्रज क्षेत्र, प्रदेश उपाध्यक्ष दया शंकर सिंह और विधायक विपिन वर्मा डेविड को कानपुर, प्रदेश मंत्री शंकर गिरि व कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण को अवध, कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य व पिछड़ा वित्त विकास निगम अध्यक्ष बाबू राम निषाद को काशी तथा प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल व राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल को गोरखपुर क्षेत्र प्रभारी बनाया है।