Bihar Cabinet: नए मंत्रियों के नाम की फाइनल लिस्ट आई सामने, बिहार में आज होना है नीतीश सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार
बिहार में नीतीश सरकार का आज विस्तार होना है। मंत्रिमंडल विस्तार के लिए नए मंत्रियों के नाम भी फाइनल हो गए हैं। राजद से तेज प्रताप भी मंत्री बनेंगे वहीं कांग्रेस नेता अवध बिहारी चौधरी स्पीकर बनाए जाएंगे।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में नीतीश कुमार द्वारा भाजपा से गठबंधन तोड़ने के बाद राजद के साथ बनाई नई सरकार का आज विस्तार होगा। मंत्रिमंडल विस्तार में कई बड़े और नए नामों को जगह देने की चर्चा है। मंत्रियों के नाम की पूरी लिस्ट भी सामने आ गई है। राजद के अवध बिहारी चौधरी को स्पीकर बनाए जाने की खबर है। जानकारी के अनुसार दोपहर 11.30 बजे मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मंत्रिमंडल विस्तार के लिए राज्यपाल फागू चौहान से समय भी मांग लिया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बीच सोमवार को नामों को लेकर लंबी चर्चा भी हुई। जिसके बाद महागठबंधन के तीनों दलों ने मंत्रियों के नाम तय कर लिए हैं।
राजद से होंगे सबसे ज्यादा मंत्री
मंत्रिमंडल में राजद की हिस्सेदारी अधिक होगी। इसके बाद जदयू और कांग्रेस का नंबर आएगा। कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास के मुताबिक उनके दल से अभी सिर्फ दो मंत्री शपथ लेंगे। सूचना मिलने के बाद कांग्रेस के कई नेताओं में असंतोष है। इसे लेकर सोमवार को पटना के कांग्रेस कार्यालय में हंगामा भी हुआ।
ये है मंत्रियों की फाइनल लिस्ट
- जदयू कोटे से ये विधायक बनेंगे मंत्रीः विजय चौधरी, बिजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, शीला मंडल, श्रवण कुमार, संजय झा, लेशी सिंह,जमा खान, जयंत राज, मदन सहनी, सुनील कुमार।
- राजद कोटे से ये बनेंगे मंत्री : तेज प्रताप यादव, आलोक मेहता, अनिता देवी, सुरेंद्र यादव, चंद्रशेखर, ललित यादव, भाई वीरेंद्र, रामानंद यादव, सुधाकर सिंह, सर्वजित कुमार, सुरेंद्र राम, अख्तरुल शहीन, शहनवाज, भारत भूषण मंडल, समीर महासेठ।
- कांग्रेस कोटे से: अफाक आलम, मुरारी गौतम।
- निर्दलीय : सुमित
- हम पार्टी : संतोष सुमन
खबर मिलते ही शपथ की तैयारी में जुट गए विधायक
बता दें कि नाम फाइनल होते ही शपथ ग्रहण करने वाले संभावित मंत्रियों को उनकी पार्टी द्वारा जानकारी भी दे दी गई है। विधायकों ने इसके चलते शपथ ग्रहण की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पटना जिले के मनेर से राजद विधायक भाई बीरेंद्र को मंत्री बनाए जाने की चर्चा के बाद उनके इलाके में तैयारियां तेज हो गई है। उनके स्वागत के लिए कई समर्थक पटना पहुंच गए हैं। वहीं कई विधायकों ने तो सैकड़ों किलो लड्डू बनाने का भी आर्डर दे दिया है।