रथयात्रा से पहले बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमला
attack on Dilip Ghosh vehicle. पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमला किया गया।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की रथ यात्रा शुक्रवार से शुरू होनी है। लेकिन इससे पहले कूचबिहार जिले में गुरुवार को पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमला हुआ है। हमला कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चेहरे पर काला कपड़ा बांधे और हांथों में डंडे लिए कुछ लोग गाड़ियों पर हमला करते दिख रहे हैं। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। घोष को कोई चोट नहीं आई।
पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष गुरुवार सुबह ही कूचबिहार पहुंचे थे। वो यहां शुक्रवार से भाजपा अध्यक्ष द्वारा शुरू की जा रही रथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने आए थे। बताया जा रहा है कि जिस वक्त ये हमला हुआ, उस समय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सात दिसंबर को राज्य में तीन रथ यात्राओं पर आधारित पार्टी की लोकतंत्र बचाओ रैली की शुरुआत करनी है।
घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को राज्य में उनकी पार्टी की रथ यात्रा कार्यक्रम को रोकने की चुनौती दी। घोष ने कहा कि हमारे पिछले अनुभवों से हम जानते थे कि हमें कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए हमने पुलिस अनुमति के लिए लगभग एक महीने पहले राज्य सरकार का रुख किया था। लेकिन वे इस मामले में देरी करते रहे और अब अंतिम क्षण में वे हमें अनुमति देने से इन्कार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि कूचबिहार से भाजपा की रथ यात्रा शुरू होने वाली है। इसे लेकर वहां तनाव की स्थिति है।