West Bengal Assembly Election: बंगाल में 2021 में भाजपा का सत्ता में आना निश्चित: अनुपम हाजरा
Anupam Hazra भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद अनुपम हाजरा ने रविवार को कहा कि 2021 में भाजपा का सत्ता में आना निश्चित है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पार्टी के लिए केवल हार या जीत है लेकिन ममता बनर्जी के लिए अस्तित्व की लड़ाई है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। Anupam Hazra: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद अनुपम हाजरा ने रविवार को कहा कि 2021 में भाजपा का सत्ता में आना निश्चित है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पार्टी के लिए केवल हार या जीत है, लेकिन ममता बनर्जी के लिए अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी हारती हैं तो पार्टी ही खत्म हो जाएगी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह ममता बनर्जी का नियम है कि चुनाव के पहले अधिक से अधिक असामाजिक तत्व छोड़ दो, जो बाइक और बंदूक दिखा कर चुनाव के दिन लोगों में आतंक फैलाए। इस मौके पर अनुपम हाजरा ने कहा कि बंगाल में चुनाव होता नहीं है, वरना कराया जाता है।
तृणमूल कांग्रेस के लोग एक थप्पड़ मारे, तो चार थप्पड़ मारें
रविवार की सुबह दक्षिण 24 परगना जिला के बारुइपुर पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं संग बैठक कर कई दिशा निर्देश दिए। वहीं, ममता सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस के लोग एक थप्पड़ मारे, तो चार थप्पड़ मारें और किसी कीमत पर बूथ लूटने नहीं दें। इस अवसर पर हाजरा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें जिम्मेदारी दी है। मुझ पर भरोसा किया है। उसे पूर्ण मर्यादा देना मेरा नैतिक कर्तव्य है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कोरोना से बड़ा शत्रु ममता बनर्जी
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कोरोना से बड़ा शत्रु ममता बनर्जी हैं। बंगाल में कोरोना से मृत लोगों को केरोसिन तेल के सहारे अंतिम संस्कार किया जाता है, जो काफी दुखद है। पीड़ितों से परिवार के सदस्यों से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि तृणमूल को सत्ता से बेदखल करना ही हमारा लक्ष्य है।
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम की घोषणा की जिसमें बंगाल को खास तरजीह दी गई है। राष्ट्रीय टीम में तीन महत्वपूर्ण पद मिले हैं। इसमें सबसे प्रमुख नाम मुकुल राय का है, जिन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।