राज्यसभा सदस्य बनने के बाद बोले सुधांशु त्रिवेदी, अपराधों का राजनीतिकरण कर रहे अखिलेश
राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने पुष्पेंद्र मुठभेड़ प्रकरण को लेकर अखिलेश यादव की झांसी यात्रा पर तंज करते हुए कहा कि जनता इसको गंभीरता से नहीं ले रही है।
लखनऊ, जेएनएन। राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित भाजपा प्रत्याशी सुधांशु त्रिवेदी ने सांसद बनते ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने पुष्पेंद्र मुठभेड़ प्रकरण को लेकर अखिलेश यादव की झांसी यात्रा पर तंज करते हुए कहा कि जनता इसको गंभीरता से नहीं ले रही है। समाजवादी पार्टी हमेशा अपराध का राजनीतिकरण करती रही है।
राज्यसभा सदस्य बनने के बाद सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी और योगी सरकार की तारीफ की और कांग्रेस व सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में विकास, सौहार्द व राष्ट्रप्रेम का माहौल विकसित हो रहा है। भारत की साख तेजी से बढ़ रही है और विपक्ष निष्तेज हो चुका है। झांसी के पुष्पेंद्र मुठभेड़ को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की झांसी यात्रा पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि सपा के बारे में प्रदेश की विवेकशील जनता बेहतर जानती है। अपराध का राजनीति करण किसने किया है? दुर्दांत दस्युओं का भी राजनीतिकरण किया है। जनता उनको गंभीरता से नहीं लेती है। ऐसी यात्राएं केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए की जाती है। कांग्रेस को ताकत देने के लिए प्रियंका गांधी के प्लान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की आयु पूरी हो चुकी है।
निर्विरोध निर्वाचन हुए हैं सुधांशु
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन से रिक्त राज्यसभा की सीट पर डॉ. सुधांशु त्रिवेदी निर्विरोध निर्वाचन हुए हैं। बुधवार को नामांकन वापसी की अवधि बीतने के बाद उनको 3.30 बजे निर्वाचन अधिकारी ब्रजभूषण दुबे ने जीत का प्रमाणपत्र प्रदान सौंपा। इस अवसर पर मंत्री आशुतोष टंडन, बृजेश पाठक, मोहसिन रजा के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह, शलभमणि त्रिपाठी, हीरो वाजयेपी, वीरेंद्र तिवारी और मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित भी उपस्थित थे।