Move to Jagran APP

साध्वी प्रज्ञा के विमान में धरने से पहले यात्री से हुए विवाद का वीडियो वायरल

विमान में धरना देने से एक बार फिर सुर्खियों में आईं भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और यात्रियों के बीच हुई बहस का एक वीडियो वायरल हुआ है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Tue, 24 Dec 2019 12:24 AM (IST)Updated: Tue, 24 Dec 2019 12:24 AM (IST)
साध्वी प्रज्ञा के विमान में धरने से पहले यात्री से हुए विवाद का वीडियो वायरल
साध्वी प्रज्ञा के विमान में धरने से पहले यात्री से हुए विवाद का वीडियो वायरल

 भोपाल, जेएनएन। विमान में धरना देने से एक बार फिर सुर्खियों में आईं भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और यात्रियों के बीच हुई बहस का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें आक्रोशित यात्री ने विवाद के बीच सांसद प्रज्ञा से यहां तक कह दिया कि आपको शर्म आनी चाहिए। आपकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं, जबकि आप एक जनप्रतिनिधि हैं।

loksabha election banner

विमान में ही दिया था धरना

गौरतलब है कि यह वीडियो शनिवार का है। उसी दिन सांसद प्रज्ञा स्पाइस जेट की शाम की उड़ान से दिल्ली से भोपाल लौटी थीं। विमान में सांसद का एयरलाइंस स्टाफ एवं कुछ यात्रियों से विवाद हुआ था। साध्वी ने विमान में ही नियम पुस्तिका मांगी थी। एयरलाइंस स्टाफ ने उन्हें नियम की मौखिक जानकारी दी, लेकिन पैंसेजर चार्टर की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई थी। शनिवार को दिल्ली से भोपाल पहुंचने पर उन्होंने विमान में ही धरना दे दिया था। हालांकि, अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वह विमान से नीचे उतरी थीं। अब सोमवार को सोशल मीडिया पर विमान के भीतर हुए विवाद का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो वायरल हुआ है।

कुछ यात्रियों से हुई प्रज्ञा की बहस

इसमें सांसद प्रज्ञा स्पाइस जेट कर्मियों से रूल बुक मांगते नजर आ रही हैं। इसी बीच कुछ यात्री सांसद प्रज्ञा से बहस करने लग जाते हैं। वे कहते हैं कि आप जनप्रतिनिधि हैं और आपका काम जनता को परेशान करना नहीं है। आपको शर्म आनी चाहिए कि आप जनप्रतिनिधि हैं और आपकी वजह से कोई परेशान हो रहा है। फ‌र्स्ट क्लास आपका अधिकार नहीं है। इस पर सांसद प्रज्ञा एक यात्री पर नाराज होते हुए कहती हैं कि सही भाषा का इस्तमाल कीजिए। लेकिन, जब यात्री और नाराज होने लगता है तो सांसद प्रज्ञा चुप हो जाती हैं।

प्रज्ञा बोलीं- इसलिए जताई आपत्ति

विवाद पर सांसद प्रज्ञा का कहना है कि उन्हें रीढ़ और कमर में बहुत दर्द रहता है। इस वजह से उन्हें ज्यादा जगह वाली सीट चाहिए होती है। उन्होंने अतिरिक्त भुगतान कर फ्लाइट में आगे की सीट ली थी, लेकिन जब उन्हें पीछे की पंक्ति में बैठने को कहा गया तो आपत्ति जताई। सांसद ने यह भी कहा कि वे न कभी किसी से दु‌र्व्यवहार करती हैं और न खुद के साथ बर्दाश्त करती हैं।

झगड़ा करना है तो केंद्र सरकार से करें: शर्मा

इस मामले में मध्य प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि सांसद को झगड़ा करना है तो केंद्र सरकार से करें, जो मध्य प्रदेश के हक का पैसा नहीं दे रही है।

मुख्यालय को भेज दी है जानकारी

भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्‍टर अनिल विक्रम ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की शिकायत हमने संबंधित एयरलाइंस कंपनी एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के रीजनल हेड क्वार्टर (मुख्यालय) को भेज दी है। अथॉरिटी ने प्रोटोकाल के अनुरूप सांसद को वीआइपी लाउंज तक लाकर पूरे मामले की जानकारी ली।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.