विश्व हिंदू कांग्रेस सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिका रवाना हुए उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू
उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ग्रेटर शिकागो के हिंदू मंदिर में अमेरिका के 14 तेलुगु संघों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू 8 और 9 सितंबर को दूसरे विश्व हिंदू कांग्रेस सम्मेलन में भाग लेने अमेरिका रवाना हो गए। नायडू संयुक्त राज्य अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा के दौरान 9 सितंबर को शिकागो में द्वितीय विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) को संबोधित करेंगे। शिकागो में विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दूसरे विश्व हिंदू सम्मलेन का अायोजन किया जा रहा है।
विश्व हिंदू कांग्रेस सम्मेलन का उद्धाटन भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू करेंगे। विश्व हिंदू कांग्रेस सम्मेलन एक ऐसा वैश्विक मंच है जहां हिंदुओं से जुड़े विचारों को साझा करके कई क्षेत्रों में नैतिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनैतिक समझ और विस्तार का विकास किया जाता है।
9 सितंबर की शाम उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू उसी फुलरटन हॉल में अभिभाषण देंगे जहां 125 साल पहले स्वामी विवेकानंद ने पॉर्लियामेंट ऑफ वर्ल्ड रिलीजंस को संबोधित किया था। उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ग्रेटर शिकागो के हिंदू मंदिर में अमेरिका के 14 तेलुगु संघों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। वह इस कांग्रेस के दौरान इस घटना में भाग लेने वाले कई विश्व के नेताओं के साथ द्विपक्षीय चर्चाओं में भी भाग लेंगे।