राजनाथ सिंह ने अस्पताल पहुंच कर जाना एनडी तिवारी का हाल
गृहमंत्री ने एनडी तिवारी के परिवार समेत उनके डॉक्टरों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी जुटाई और उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी से बुधवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह मिले। इस दौरान गृहमंत्री ने एनडी तिवारी के परिवार समेत उनके डॉक्टरों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी जुटाई और उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
एनडी तिवारी ब्रेन स्टोक के बाद 20 सितंबर 2017 से मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन रविवार को उनकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद उनका ब्लड प्रेशर काफी नीचे आ गया और वह आधी बेहोशी की स्थिति में चले गए थे।
उनका स्वास्थ्य बुलेटिन जारी होने के बाद एनडी तिवारी से मिलने के लिए मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद बुधवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व कांग्रेस नेता किशोर उपाध्याय ने भी अस्पताल पहुंचकर एनडी तिवारी का हाल जाना और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।