श्रीलंका के प्रधानमंत्री पांच दिवसीय दौरे पर 7 फरवरी को आएंगे भारत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे 5 दिवसीय दौरे पर 7 फरवरी को भारत आएंगे। उक्त जानकारी विदेश विभाग के प्रवक्ता रवीश कुमार ने दी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे 5 दिवसीय दौरे पर 7 फरवरी को भारत आएंगे। उक्त जानकारी विदेश विभाग के प्रवक्ता रवीश कुमार ने दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान वे अपने समकक्ष भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे। नवंबर 2019 में पदभार संभालने के बाद यह भारत का पहला दौरा होगा और नई श्रीलंकाई सरकार के एक सदस्य से नई दिल्ली में तीसरी उच्चस्तरीय मुलाकात होगी।
राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे पदभार ग्रहण करने के बाद पहली विदेश यात्रा पर भारत आए और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्ता की। बीते सप्ताह विदेश मंत्री दिनेश गुणावर्धने ने विदेश मंत्री एस.जयशंकर के साथ वार्ता की।
बता दें कि हिंद महासागर में चीन के बढ़ते आर्थिक दबदबे के मद्देनजर भारत ने एक बार फिर श्रीलंका के साथ अपने द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को पुराने मजबूत स्तर पर ले जाने की कोशिश शुरू कर दी है। इसके लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने जनवरी में श्रीलंका जाकर राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे से मुलाकात की थी और श्रीलंकाई सेना के लिए हथियार व अन्य अहम उपकरण खरीदने के लिए भारत की तरफ से पांच करोड़ डॉलर की मदद देने का वादा किया था।
इस दौरान दोनों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने, समुद्री परिवहन सुरक्षा मजबूत करने और खुफिया सूचनाओं के लेनदेन समेत कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई थी। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने ट्वीट के जरिये इसकी जानकारी दी थी।