कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती, राहुल और प्रियंका भी मौजूद
Sonia Gandhi routine check up कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को रूटीन चेकअप के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, उन्हें रूटीन चेकअप के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। बता दें कि 73 वर्षीय सोनिया गांधी बीते कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं और अक्सर इलाज के सिलसिले में उनके विदेश जाने की खबरें सामने आती रहती हैं। शायद यही वजह है कि राजनीति तौर पर उनकी सक्रियता भी पहले से कम हुई है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने के कारण उनको एक बार फिर पार्टी की बागडोर संभालनी पड़ी है।
#UPDATE Delhi: Congress interim president Sonia Gandhi is admitted to the hospital for a routine check-up. https://t.co/VVQNj3i2FZ" rel="nofollow
— ANI (@ANI) February 2, 2020
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल सोनिया गांधी ठीक हैं। अस्पताल में उनके साथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा भी मौजूद हैं।
पिछले साल दिसंबर महीने में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की एक तस्वीर वायरल हो गई थी। दरअसल, 23 दिसंबर को जब कांग्रेस के लगभग सभी नेता राजघाट पर खुले में बैठ कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तब सोनिया गांधी भी अपने बेटे राहुल के साथ वहां पहुंची थीं। इस तस्वीर में राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी को शॉल ओढ़ाते नजर आए थे। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर 23 दिसंबर को कांग्रेस ने राजघाट पर सत्याग्रह करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था। गौरतलब है कि सोनिया गांधी के नाम सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड है।