शाह पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने कहा- कर्नाटक चुनाव में भाजपा से दो फीसद ज्यादा वोट मिले
कर्नाटक का चुनाव भले ही खत्म हो गया है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस के बीच जीत हार को लेकर जुबानी जंग जारी है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कर्नाटक का चुनाव भले ही खत्म हो गया है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस के बीच जीत हार को लेकर जुबानी जंग जारी है। सोमवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक चुनाव को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, तो कांग्रेस ने भी वोट शेयर दिखाया। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि भाजपा किस जनादेश की बात कर रही है। कांग्रेस को उनसे दो फीसद ज्यादा वोट मिले है। चुनाव में कांग्रेस को 38 फीसद और भाजपा को 36.2 फीसद वोट मिले है। कांग्रेस नेता ने कहा उनके वोट 2013 के मुकाबले बढ़े भी है।
-भाजपा अध्यक्ष के हमले का कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने दिया जवाब
-जरूरत को देखते हुए दो दलों का साथ आना सही निर्णय है
भाजपा अध्यक्ष के हमले के बाद आनंद शर्मा ने कहा कि जो लोग कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के गठबंधन को अपवित्र बता रहे है, वह भूल गए कि उन्होंने गोवा, मणिपुर में कैसी सरकारें बनाई। वहीं कांग्रेस ने कर्नाटक में जेडीएस के साथ अपने गठबंधन को समय की जरूरत बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जोड़-तोड़ की राजनीति को रोकने के लिए यह जरूरी है। एक सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार न बन पाने के लिए भाजपा अध्यक्ष ने विधायकों को बंधक बनाकर रखे जाने का जो बयान दिया है, वह हास्यास्पद है। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।