शिवराज चौहान बोले, अजा वर्ग के व्यक्ति को जिंदा जलाया; तब क्या कर रही थी कांग्रेस
Guna Dalit Couple Beating Case गुना में पुलिस की बर्बरता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को आधार बनाकर राजनीति कर रही है।
उज्जैन, जेएनएन। चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शिवराज सिंह चौहान पहली मर्तबा शुक्रवार को उज्जैन आए। यहां उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद कोरोना संक्रमण की ताजा स्थिति को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। संक्रमण और मध्यप्रदेश को लेकर कहा कि हम बेहतर स्थिति में हैं।
गुना में पुलिस की बर्बरता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को आधार बनाकर राजनीति कर रही है। मैं कांग्रेस सरकार को याद दिलाना चाहूंगा कि सागर में अनुसूचित जाति के धनप्रसाद अहिरवार को उसके घर में मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया गया था। शिवपुरी में अनुसूचित जाति के दो बच्चों को पीट-पीटकर मार दिया गया। देवास में अनुसूचित जाति समाज की बरात पर हमला हुआ, राजगढ़ में भी अजा बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ। इन सभी मामलों के समय कांग्रेस सरकार थी। इन घटनाओं का जवाब कमल नाथ और कांग्रेस को देना है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर 2:25 बजे उज्जैन पहुंचे थे। वे हेलिपेड से सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां नंदी हॉल में भगवान के दर्शन कर पूजन किया। यज्ञशाला में चल रहे शिव-शक्ति महायज्ञ में कुछ देर शामिल हुए। इसके बाद मंदिर से कोठी स्थिति बृहस्पति भवन पहुंचे। यहां उन्होंने कोरोना पर समीक्षा बैठक ली। उज्जैन की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
दुबे को पकड़वाने वालों का सम्मान करेंगे
गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़े जाने के मामले में सीएम ने सुरक्षाकर्मियों और पुलिस को शाबासी दी। बोले-गैंगस्टर को पकड़वाने वालों को अलग से सम्मान किया जाएगा।
कांग्रेस डूबता जहाज
नेपानगर से कांग्रेस विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर के इस्तीफे को लेकर शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है। कांग्रेस में अब इस तरह की बातें आम हो चुकी हैं।
मुंबई-दिल्ली से आने वाले श्रद्धालुओं के महाकाल दर्शन पर लग सकती रोक
कोरोना को काबू में करने के लिए मुंबई व दिल्ली जैसे प्रांतों से आने वाले श्रद्धालुओं के महाकाल दर्शन पर रोक लग सकती है। इन महानगरों में कोरोना मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं और इनके संपर्क में आने से शहर व जिले में भी कोरोना फैल सकता है। मुख्यमंत्री चौहान ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई है और प्रशासन के अधिकारियों को इस बात के लिए हरी झंडी दे दी है कि जरूरत पड़े तो इन दर्शनार्थियों पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।