2022 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए शिवसेना ने इस नेता का नाम किया आगे
शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि 2022 तक हमारे पक्ष के पास राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी तय करने लायक सदस्यों की पर्याप्त संख्या हो जाएगी।
मुंबई, प्रेट्र। शिवसेना नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा कि 2022 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजनीतिक दलों को राकांपा प्रमुख शरद पवार के नाम पर विचार करना चाहिए। शिवसेना नेता ने दावा किया कि 2022 तक हमारे पास राष्ट्रपति पद प्रत्याशी का फैसला करने के लिए पर्याप्त सदस्य होंगे।
हाल ही में महाराष्ट्र में सरकार बनाने में राकांपा प्रमुख ने मुख्य भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों से कांग्रेस और शिवसेना गठबंधन सरकार बनाने के लिए तैयार हुए थे। उद्धव ठाकरे की सरकार में राकांपा को प्रमुख मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
शरद पवार के नाम पर हो विचार: संजय राउत
राउत ने कहा, 'शरद पवार देश के वरिष्ठ नेता हैं। मैं समझता हूं कि राजनीतिक दलों को उन्हें राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाने के बारे में विचार करना चाहिए।'
राउत से अन्य राजनीतिक दलों के चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री के नाम पर एकजुट होने के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा कि वे भी अपना प्रस्ताव कर सकते हैं।
राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, 'मैं समझता हूं कि राजनीतिक दल भी अन्य वरिष्ठ प्रत्याशियों का प्रस्ताव कर सकते हैं। 2022 तक हमारे पक्ष के पास राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी तय करने लायक सदस्यों की पर्याप्त संख्या हो जाएगी।'