शत्रुघ्न सिन्हा ने PM मोदी की शान में फिर पढ़े कसीदे, ट्रंप से मुलाकात पर बोले- 'तेरा जादू चल गया'
ट्रंप-मोदी मुलाकात पर ट्वीट कर बोले-तेरा जादू चल गया। कहा-अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ आपकी केमिस्ट्री बहुत बढ़िया थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने को लेकर कांग्रेस में उथल-पुथल जारी है। लेकिन भाजपा से कांग्रेस में आए शत्रुघ्न सिन्हा ने एक ही महीने में दूसरी बार मोदी की शान में कसीदे पढ़ें हैं। उन्होंने मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात पर ट्वीट करते हुए कहा, 'तेरा जादू चल गया।'
अभिनेता से नेता बने 73 वर्षीय शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को ट्वीट किया,'फ्रांस में जी-7 में द्विपक्षीय बातचीत को आपने बहुत ही बेहतरीन तरीके से अंजाम दिया। हम सभी सांस रोक कर इस मुलाकात का इंतजार कर रहे थे। आपका अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ तालमेल और केमिस्ट्री बहुत बढ़िया थी। यह बात सभी को बहुत स्पष्ट हो गई।'
तीन दशक तक भाजपा में रह कर सालों में कभी मोदी की तारीफ न करने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे ट्वीट किया, 'राष्ट्रपति ट्रंप के जादू के साथ आपका करिश्मा और कूटनीति गजब कर गई। इससे आगे भी दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे। भले ही वह फिल्म न चली हो, लेकिन तेरा जादू चल गया। दीर्घायु हों भारत-अमेरिकी संबंध, दीर्घायु हों ट्रंप-मोदी।'
इससे पहले, शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी के 15 अगस्त के भाषण की प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया था, 'बेहद साहसी, अच्छा शोध और विचारोत्तेजक'। उन्होंने कहा कि देश की प्रमुख समस्याओं को बेहतरीन तरीके से बताया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा में रहते हुए शत्रुघ्न सिन्हा मोदी के आलोचक रहे और समय-समय पर उनके खिलाफ बयानबाजी करते रहते थे। उन्होंने भाजपा को वन मैन शो, टू मैन आर्मी करार दिया था। इसके बाद 'शॉटगन' इसी साल अप्रैल में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
इस साल आम चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर अपनी परंपरागत सीट पटना साहिब से चुनाव लड़े और हार गए। उन्हें हराने वाले भाजपा में उनके पुराने साथी रविशंकर प्रसाद थे। लेकिन अब मोदी की तारीफों से शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस के रुख के खिलाफ जाने का काम किया है। चूंकि कांग्रेस लगातार मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों का विरोध कर रही है।