Move to Jagran APP

कांग्रेस के लोकसभा रणनीति समूह में शशि थरूर और मनीष तिवारी शामिल, जानें सोनिया गांधी ने और क्या किए बदलाव

संसद के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद के लिए पार्टी के रणनीति समूहों का पुनर्गठन किया है। लोकसभा के समूह में शशि थरूर व मनीष तिवारी और राज्यसभा के समूह में अंबिका सोनी व दिग्विजय सिंह शामिल हैं।

By Pooja SinghEdited By: Published: Mon, 19 Jul 2021 03:26 AM (IST)Updated: Mon, 19 Jul 2021 03:26 AM (IST)
कांग्रेस के लोकसभा रणनीति समूह में शशि थरूर और मनीष तिवारी शामिल, जानें सोनिया गांधी ने और क्या किए बदलाव
कांग्रेस के लोकसभा रणनीति समूह में शशि थरूर और मनीष तिवारी शामिल

नई दिल्ली, प्रेट्र। संसद के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद के लिए पार्टी के रणनीति समूहों का पुनर्गठन किया है। लोकसभा के समूह में शशि थरूर व मनीष तिवारी और राज्यसभा के समूह में अंबिका सोनी व दिग्विजय सिंह शामिल हैं। थरूर और तिवारी जी-23 के उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने संगठन में बदलाव के लिए सोनिया को पत्र लिखा था।

loksabha election banner

पार्टी अध्यक्ष की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इन समूहों का पुनर्गठन दोनों सदनों में पार्टी का प्रभावी कामकाज सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। ये समूह सत्र के दौरान रोज बैठक करेंगे और सत्रों के बीच में भी बैठक कर सकेंगे। लोकसभा के लिए समूह का नेतृत्व अधीर रंजन चौधरी करेंगे जबकि गौरव गोगोई उपनेता होंगे। मुख्य सचेतक के. सुरेश और सचेतक रवनीत सिंह बिट्टू व मनिक्कम टैगोर इसके सदस्य होंगे।

इस समूह में थरूर और तिवारी नया नाम हैं।राज्यसभा के लिए समूह का नेतृत्व मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे जबकि आनंद शर्मा उपनेता होंगे। मुख्य सचेतक जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल और पी. चिदंबरम भी इस समूह का हिस्सा हैं। अंबिका सोनी और दिग्विजय सिंह इस समूह में नए नाम हैं। खड़गे इन दोनों समूहों के संयोजक होंगे।

कार्यस्थगन प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस

सोनिया गांधी ने रविवार को लोकसभा में पार्टी सदस्यों की एक बैठक की अध्यक्षता की। इसमें कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों, पेट्रो पदार्थो समेत मूल्य वृद्धि और कोरोना कुप्रबंधन के मुद्दों को मुखरता से उठाने का फैसला किया गया। इन मुद्दों पर चर्चा की मांग के लिए पार्टी दोनों सदनों में कार्यस्थगन प्रस्ताव भी पेश करेगी।-


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.