शरद यादव ने वसुंधरा राजे को बताया था मोटी, अब बयान पर मांगी माफी
शरद यादव ने अलवर की मुंडावर सीट पर कांग्रेस गठबंधन के एक प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित सभा के दौरान वसुंधरा राजे पर विवादित टिप्पणी की थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शरद यादव ने राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान सीएम वसुंधरा राजे पर की गई अपनी टिप्पणी पर खेद जताया है। शरद ने इसके लिए वसुंधरा राजे से माफी भी मांगी है। शरद यादव ने अलवर की मुंडावर सीट पर कांग्रेस गठबंधन के एक प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित सभा के दौरान वसुंधरा राजे पर विवादित टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा था, 'वसुंधरा को अब आराम दो, बहुत मोटी हो गई हैं। पहले पतली थीं, हमारे मध्य प्रदेश की बेटी हैं।' हालांकि, अपने बयान के बाद शरद यादव ने इस पर माफी मांग ली है। उन्होंने शनिवार को कहा, 'मैंने वसुंधरा राजे का बयान देखा। मेरे उनके साथ काफी पुराने पारिवारिक संबंध हैं। अगर मेरे शब्दों से वह आहत हुई हैं तो मैं अपने बयान के लिए खेद प्रकट करता हूं। मैं उनको इसे लेकर पत्र भी लिखूंगा।'
वसुंधरा ने बताया था महिलाओं का अपमान
शरद यादव की टिप्पणी के बाद वसुंधरा राजे ने भी पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि यह सिर्फ उनका अपमान नहीं है, बल्कि महिलाओं को भी अपमानित करने वाला है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा था कि इतने वरिष्ठ नेता कैसे अपनी जुबान पर नियंत्रण नहीं रख सकते और इस तरह के बयान दे सकते हैं, वह भी तब जबकि उनका लंबे अरसे से पारिवारिक संबंध रहा हो।