गुजरात में कांग्रेस को एक और झटका, शंकर सिंह वाघेला के बेटे ने थामा BJP का दामन
गुजरात में 2019 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका। शंकर सिंह वाघेला के बेटे महेंद्र सिंह वाघेला ने थामा भाजपा का दामन।
अहमदाबाद (आइएएनएस)। 2019 लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में कांग्रेस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। पहले कोली समाज के बड़े नेता कुंवरजी बावरिया ने भाजपा का दामन थामकर कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया और अब शंकर सिंह वाघेला के बेटे ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक और कद्दावर नेता शंकर सिंह वाघेला के बेटे महेंद्र सिंह वाघेला भाजपा में शामिल हो गए।
राजपूत समाज के बड़े नेता हैं वाघेला
गुजरात के वित्त मंत्री नितिन पटेल और भाजपा नेता जीतू वाघाणी ने उन्हें पार्टी में शामिल किया। शंकर सिंह वाघेला राजपूत समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। ऐसे में उनके बेटे का भाजपा के साथ जुड़ना कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के समान है। हालांकि गुजरात में हुए राज्यसभा चुनावों के समय महेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी थी, लेकिन वह भाजपा में शामिल नहीं हुए थे।
महेंद्र सिंह ने 2012 में उत्तर गुजरात के बयाड विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी, लेकिन दिसंबर 2017 में हुए चुनावों का वह हिस्सा नहीं बने थे। इससे पहले पिछले पखवाड़े में कांग्रेस के दिग्गज नेता व विधायक कुंवरजी बावलिया और राजकोट के कद्दावर नेता व पूर्व विधायक इंद्रनील राज्यगुरु ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बावरिया के भाजपा में शामिल होते ही उन्हें कैबिनेट मंत्री बना दिया गया और अब महेंद्रसिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं।
महेंद्र सिंह गुजरात के बनासकांठा की बायड विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। अब देखना ये है कि क्या भाजपा 2019 के चुनाव में महेंद्र सिंह को लोकसभा का टिकट देती है या नहीं। वैसे बनासकांठा क्षेत्र में उनका और उनके पिता का अच्छा खासा प्रभाव है। इस राजनीतिक चाल के रणनीतिकार माने जाने वाले अमित शाह भी गुरुवार शाम को अहमदाबाद पहुंचे थे और शनिवार तड़के भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथ यात्रा शुरू करने के लिए मंगल आरती की।