शाह ने कहा, अगले आम चुनाव में यूपी को सबसे ज्यादा अहम मान रही भाजपा
2019 में होने वाले आम चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने राज्य वार तार कसने शुरू कर दिए हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। 2019 में होने वाले आम चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने राज्य वार तार कसने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को सबसे अहम राज्य उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश नेतृत्व के साथ लंबी चर्चा की। इसमें संगठन और उसके कार्यक्रमों, मंत्रियों की चुस्ती-फुर्ती से लेकर सरकार और संगठन के बीच सामंजस्य पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 2019 में उत्तर प्रदेश से ही सबसे ज्यादा अपेक्षाएं हैं। इसे लेकर सभी की जिम्मेदारी बनती है।
भाजपा अध्यक्ष शाह ने प्रदेश नेतृत्व के साथ लंबी चर्चा की
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पूरे देश के सभी राज्यों का दौरा कर चुके हैं। केंद्रीय संगठन की ओर से सभी राज्य इकाइयों को शाह के दौरे के बाद की तैयारियों का खाका पहले ही दे दिया गया था। इसमें बूथ स्तर तक का प्रबंधन तैयार करने को कहा गया था। अब दिल्ली में राज्य वार बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ है। बंगाल और असम जैसे कई राज्यों की समीक्षा हो चुकी है। इसी क्रम में शनिवार को उत्तर प्रदेश को लेकर बैठक हुई।
उत्तर प्रदेश को लेकर हुई बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव समेत कई नेता मौजूद थे।
सूत्रों का कहना है कि अमित शाह ने सरकार के कामकाज पर भी चर्चा की है। उन्होंने हर विवाद से बचते हुए जनता से जुड़े मुद्दों पर कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा पिछले दिनों संगठन को दी गई जिम्मेदारी पर पूरी रिपोर्ट तैयार कर आने को कहा गया है।