कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं भाजपा के ये बड़े नेता, मिला भोपाल से चुनाव लड़ने का ऑफर
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। संभावना है कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर भोपाल से चुनाव लड़े। दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस में आने का ऑफर दिया।
नई दिल्ली, एएनआइ। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। संभावना है कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर भोपाल से चुनाव लड़े। दरअसल, बाबूलाल गौर को कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर मिला है। इस ऑफर ने राज्य के सियासी पारे को गरम कर दिया है। बाबूलाल को यह ऑफर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने दिया है।
दिग्विजय का ऑफर....'विचार करूंगा'
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने उन्हें कांग्रेस में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने बताया, 'वे (दिग्विजय) मुझसे मिले थे और मुझे कांग्रेस के टिकट पर भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया। मैंने उनसे कहा कि मैं इसके बारे में सोचूंगा।'
भोपाल से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव
इस खुलासे के साथ ही गौर ने यह भी दावा किया है कि लोकसभा चुनाव से पहले कई राजनीतिक उठापटक होंगे। जाहिर है कि गौर का यह बयान ऐसे में वक्त आया है जब मध्य प्रदेश में खरीद-फरोख्त के आरोपों से राजनीतिक माहौल गरम हो रखा है। ऐसी स्थिति में गौर के इस बयान ने राजनीतिक महकमे की हलचल और तेज कर दी है। बता दें भाजपा के आलोक संजर अभी भोपाल सीट से सांसद हैं।
BJP से नाराज हैं बाबूलाल!
कहा जा रहा है कि बाबूलाल गौर बीते कुछ वक्त से भाजपा से नाराज चल रहे हैं। भाजपा से उनकी यह नाराजगी उन्हें कांग्रेस के करीब ले जा सकती है। दिग्विजय सिंह के ऑफर पर 'विचार करेंगे' बोलकर बाबूलाल गौर ने यह तो स्पष्ट संकेत दे दिया है कि उनके दिन अभी खत्म नहीं हुए हैं और वे आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक भी हैं। बीते दिनों वह यह कहते भी देखे गए थे कि यह कहना जल्दबाजी होगी कि उनका राजनीतिक करियर अब खत्म हो गया है।
भाजपा से नाराजगी पर कहा
इस बीच भाजपा से नाराजगी के सवाल पर कहा कि भाजपा से नाराजगी का सवाल नहीं है, लेकिन जिस तरह विधानसभा चुनावों से पहले और चुनाव के दौरान पार्टी के नेताओं ने उनसे व्यवहार किया, उससे उन्हें काफी ठेस लगी। बहू कृष्णा को टिकट जरुर दिया, लेकिन खुशी-खुशी नहीं दिया। गौर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि अभी तो लड़की देख रहे हैं, जो जमेगी उससे शादी कर लेंगे।
राहुल से भी मिल चुके हैं गौर
गौरतलब है कि पिछले महीने मध्य प्रदेश में नई सरकार के शपथग्रहण के दौरान बाबूलाल गौर और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मुलाकात ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। राहुल ने बाबूलाल की मुलाकात खुद दिग्विजय सिंह ने कराई थी। इस दौरान राहुल ने उनसे कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा था।
कौन हैं बाबूलाल गौर
- बाबूलाल गौर का पूरा नाम बाबूलाल गौर यादव है।
- वे भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं।
- वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।
- 2004 में उमा भारती के MP के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उन्हें सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते मुख्यमंत्री बनाया गया।
- गौर का जन्म उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुआ।
- शुरुआती दिनों में उन्होंने कपड़ा मिल में मजदूरी भी की।
- गौर पहली बार 1974 में भोपाल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में निर्दलीय विधायक चुने गए थे।
- उन्होंने 1977 में गोविन्दपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और वर्ष 2003 तक वहां से लगातार सात बार विधानसभा चुनाव जीतते रहे।