बस्तर के सांसद और विधायकों की बढ़ाई जाएगी सुरक्षा, खुफिया रिपोर्ट के बाद सरकार ने लिया फैसला
बस्तर संभाग के सभी 12 विधायक कांग्रेस के हैं। बस्तर सांसद भी कांग्रेस के हैं। इसके अलावा अधिकांश जिला पंचायत अध्यक्ष भी कांग्रेस के हैं।
जगदलपुर, जेएनएन। बस्तर के सांसद और विधायकों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। खुफिया रिपोर्ट के आधार पर राज्य शासन ने यह फैसला किया है। रायपुर में गृह मंत्रालय ने शनिवार को बस्तर के सांसद और विधायकों से इस संबंध में चर्चा की है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जिन नेताओं को एक्स श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, उन्हें एक केटेगरी ऊपर वाई श्रेणी, वाई श्रेणी वालों को जेड और जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त नेताओं को जेड-प्लस केटेगरी की सुरक्षा देने की तैयारी है। बस्तर संभाग के सभी 12 विधायक कांग्रेस के हैं। बस्तर सांसद भी कांग्रेस के हैं। इसके अलावा अधिकांश जिला पंचायत अध्यक्ष भी कांग्रेस के हैं। इनमें दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा और उनके परिवार को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।
महेंद्र कर्मा के परिवार वालों को मिली है जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा
झीरमकांड में जान गंवाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा की के परिवार को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। कर्मा परिवार को छोड़कर अन्य सभी विधायकों, मंत्री कवासी लखमा और पार्टी के अन्य नेताओं को एक्स से जेड श्रेणी तक की सुरक्षा प्राप्त है।
पूर्ववर्ती भाजपा शासनकाल में 25 मई 2013 को सुकमा से लौट से रही कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर दरभा के झीरम घाटी में नक्सलियों ने हमला करके कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं, सुरक्षा बल के जवानों और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी थी। सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार में कांग्रेस विधायक-सांसद व अन्य नेताओं को उसी सुरक्षा केटेगरी में रखा गया है, जो इन पदों के लिए निर्धारित है। सरकार अब इनकी सुरक्षा कड़ी करने जा रही है।
बस्तर रेंज के सुंदरराज पी ने बताया कि आम नागरिकों से लेकर जनप्रतिनिधि तक सभी की सुरक्षा का दायित्व पुलिस पर है। पुलिस क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति की समीक्षा करके सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करती है। समय-समय पर कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करके निर्णय लिए जाते हैं।