मंत्रिपरिषद को रक्षा सचिव ने दी राफेल की जानकारी, हर मुद्दे पर धारदार तरीके से जवाब देने की तैयारी
कांग्रेस की ओर से लगातार कीमत को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं। बताते हैं कि मंत्रिपरिषद की बैठक में रक्षा सचिव ने राफेल के पूरे मुद्दे को बताया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राफेल को लेकर उठे विवाद के बीच सरकार ने भाजपा ही नहीं सरकार में शामिल सभी दलों को पूरे तर्क के साथ मैदान में उतरकर सच्चाई बताने को कहा है। बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक में रक्षा सचिव संजय मित्रा ने राफेल के मुद्दे पर सभी मंत्रियों को जानकारी दी और बताया कि न सिर्फ राफेल भारतीय वायुसेना के लिए जरूरी था बल्कि पूरा सौदा उचित कीमत पर हुआ है। चूंकि यह सौदा बिचौलिए को अलग रखते हुए दोसरकारों के बीच बातचीत से तय हुआ है लिहाजा इसमें किसी शक की गुंजाइश नहीं है।
एक दिन पहले ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में कुछ केंद्रीय मंत्रियों की बैठक हुई थी और रणनीति बनाई गई थी कि विपक्ष की ओर से जो भी सवाल उठाए जा रहे हैं उसका तर्क के साथ धारदार तरीके से जवाब दिया जाएगा। बुधवार को मंत्रिपरिषद की बैठक में इस पर काम शुरू हो गया। फिलहाल राफेल ही सबसे विवादित विषय है। कांग्रेस की ओर से लगातार कीमत को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं। बताते हैं कि मंत्रिपरिषद की बैठक में रक्षा सचिव ने राफेल के पूरे मुद्दे को बताया।
बैठक के बाद केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें कोई जानकारी ही नहीं है। वह कांग्रेस काल में तय की जा रही कीमत का आज की कीमत से तुलना कर रहे हैं। क्या उन्हें इतना भी पता नहीं कि इस सालों मे मुद्रास्फीति और एक्सचेंज रेट का भी कीमत पर असर दिखेगा। अगर उसे आंका जाए तो आज की कीमत कांग्रेस काल की कीमत के मुकाबले नौ फीसद कम है।
अगर लोडेड राफेल की बात की जाए तो वह करीब 20 फीसद सस्ता होगा। माना जा रहा है कि सरकार के मंत्री अलग-अलग स्थानों पर जाकर इसका पूरा हिसाब भी समझाएंगे कि किस तरह कांग्रेस सरकार की नीतिगत अनिर्णयता के कारण वायुसेना की जरूरत अधूरी रही और मुद्रास्फीति के कारण कीमत बढ़ी।
यानी जल्द ही भाजपा और सहयोगी दलों के नेता भी पूरे आंकडे के साथ राहुल गांधी के दावों को खारिज करेंगे।
बैठक में संस्कृति मंत्रालय के सचिव के साथ साथ कुछ अन्य मंत्रालयों केसचिव भी आए थे। उन्होंने अपने अपने मंत्रालयों की योजनाओं के बाबत जानकारी दी।