संघ विचारक शेषाद्रि ने कहा-कांग्रेस को लाभ दिला सकता है वाड्रा को मिल रहा प्रचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले सकारात्मक अभियानों और जनहितकारी योजनाओं को शुरू करने पर जोर देना चाहिए।
नई दिल्ली, आइएएनएस। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई राबर्ट वाड्रा को मिल रहा अत्यधिक प्रचार कांग्रेस को लाभ दिला सकता है। यह ठीक उसी तरह होगा -जैसे 1980 में आम चुनावों के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सत्ता में वापसी हुई थी। यह मानना है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक शेषाद्रि चारी का।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि एक महीने में किसी को दोषी सिद्ध करना संभव नहीं है और उसके बाद चुनाव कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। बता दें कि चारी की यह टिप्पणी वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पिछले तीन दिनों से पूछताछ के सिलसिले में आई है।
संघ के अंग्रेजी भाषा के मुखपत्र आर्गेनाइजर के पूर्व संपादक चारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले सकारात्मक अभियानों और जनहितकारी योजनाओं को शुरू करने पर जोर देना चाहिए।
अपने एक लेख को ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को अगर सत्ता में वापसी करनी है तो उसको 2014 की तरह ही भ्रष्टाचार के मामलों को उठाना चाहिए, क्योंकि सामान्य तौर पर देश के लोगों का मानना है कि भ्रष्टाचार से सबसे अधिक लाभान्वित गांधी परिवार हुआ है।