RSS के विचारक एमजी वैद्य बोले- महाराष्ट्र को तीन-चार हिस्सों में बांटा जा सकता है
आरएसएस के विचारक एमजी वैद्य ने कहा है कि क्षेत्रफल और जनसंख्या के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्यों में शुमार महाराष्ट्र को तीन से चार हिस्सों में बांटा जा सकता है।
नागपुर, प्रेट्र। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारक एमजी वैद्य ने कहा है कि क्षेत्रफल और जनसंख्या के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्यों में शुमार महाराष्ट्र को तीन से चार हिस्सों में बांटा जा सकता है। एक समाचार चैनल से बात करते हुए वैद्य ने यह बात कही। हालांकि, यह पहला ऐसा अवसर नहीं है जब उन्होंने यह बात कही हो। इससे पहले उन्होंने 2016 में कुछ ऐसी ही राय दी थी।
क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान और मध्य प्रदेश के बाद यह तीसरा सबसे बड़ा राज्य
आरएसएस के पूर्व प्रवक्ता वैद्य ने कहा, 'मेरी राय है कि यदि महाराष्ट्र की आबादी करीब 11-12 करोड़ है, तो इसे तीन से चार हिस्सों में बांटा जा सकता है।' उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र 3,07,713 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान और मध्य प्रदेश के बाद यह तीसरा सबसे बड़ा राज्य है।
जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश के बाद दूसरा सबसे बड़ा राज्य है महाराष्ट्र
वर्ष 2011 की जनगणना के हिसाब से महाराष्ट्र की जनसंख्या 11.2 करोड़ है। यह जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश के बाद दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश की जनसंख्या 19.9 करोड़ है।
वैद्य ने 2016 में भी ऐसी ही राय प्रकट की थी
वैद्य ने 2016 में भी ऐसी ही राय प्रकट की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि किसी राज्य की आदर्श जनसंख्या तीन करोड़ है। इसे हासिल करने के लिए छोटे राज्यों का गठन किए जाने की जरूरत है।इस दौरान वैद्य ने कहा कि था शासन के लिहाज से महाराष्ट्र का विभाजन होना चाहिए। उन्होंने एक नए राज्य पुर्नगठन आयोग के गठन की भी बात कही थी।
यह भी पढ़ें: बैंगलुरु में होगी RSS की प्रतिनिधि सभा, CAA सहित अन्य मुद्दों पर होगी चर्चा
यह भी पढ़ें: Maharashtra Politics: अगर मंत्री बंगले और विभाग के लिए लड़ते रहे तो CM उद्धव दे देंगे इस्तीफा