आरपी मंडल बने छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव, इन वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार बदले
साल 1987 बैच के आइएएस अफसर मंडल मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले हैं और मध्यप्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर के पद पर रहे हैं।
रायपुर, जेएनएन। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आरपी मंडल को छत्तीसगढ़ राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। राज्य सरकार की ओर से गुरुवारर को एक प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए इस पद पर उनकी नियुक्ति को हरी झंडी दी गई। राज्य के वर्तमान मुख्य सचिव सुनील कुमार कुजूर आज अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आरपी मंडल इन्हीं की जगह लेंगे।
साल 1987 बैच के आइएएस अफसर मंडल मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले हैं और मध्यप्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर के पद पर रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद काडर के बंटवारे में उन्हें छत्तीसगढ़ काडर मिला और इसके बाद वे बिलासपुर और रायपुर में भी कलेक्टर रहे। मंडल राजस्व, आदिवासी विकास, पंचायत, लोक निर्मांण, वन, श्रम विभाग समेत कई विभागों में वे सचिव रह चुके हैं। सचिव रैंक में पहुंचने के बाद भी सरकार ने उन्हें रायपुर का कलेक्टर बनाया था। बिलासपुर के मल्टीपरपस हायर सेकेंड्री स्कूल से उनकी स्कूल शिक्षा हुई है। रायपुर इंजीनिरिंग कालेज से उन्होंने इलेक्ट्रिकल में बीई किया। इसके बाद खड़गपुर आईआईटी से एमटेक किया। इसके बाद उन्होंने आईएएस की परीक्षा पास की।
मंडल को सीएस बनने के बाद उनके बैच के सीके खेतान को राजस्व मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। राजस्व मंडल में अध्यक्ष का काम संभाल रहे 1983 बैच के वरिष्ठ अफसर अजय सिंह को राज्य योजना आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा आइएएस अफसर मनोज कुमार पिगुआ को परिवहन विभाग से मुक्त कर वन विभाग का आयुक्त बनाया है। भुवनेश यादव आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं नियुक्त किया गया है। सुब्रत साहू को गृह विभाग का सचिव बनाया गया है।