महिलाओं के लिए देश का माहौल खतरनाक बताते हुए रॉबर्ट वाड्रा बोले- मेरी बेटी स्कूल जाती है तो लगता है डर
रॉबर्ट वाड्रा बोले- देश में महिलाओं की रक्षा को लेकर गंभीरता नहीं है।
नई दिल्ली, एएनआइ। हाल ही में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर सुरक्षा का उल्लंघन का मामला सामने आया था। गांधी परिवार से अभी कुछ ही दिनों पहले एसपीजी सुरक्षा भी हटा ली गई थी। अब जहां प्रियंका गांधी के घर की सुरक्षा में हुई चूक पर पति रॉबर्ट वाड्रा ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने अपने FB पोस्ट के जरिए सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, 'यह प्रियंका, मेरी बेटी और बेटे, मेरे या गांधी परिवार की सुरक्षा के बारे में नहीं है। यह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से हमारे देश की महिलाओं को सुरक्षित रखने और सुरक्षित महसूस करने के बारे में है। पूरे देश में सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा, 'लड़कियों के साथ छेड़छाड़ / बलात्कार हो रहा है, हम किस समाज का निर्माण कर रहे हैं? प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने देश और अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं, सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं, दिन या रात में सुरक्षित नहीं हैं, तो हम कब और कहां सुरक्षित हैं?'
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि सुरक्षा देना में कुछ गलत नहीं है। यह खतरे को देखते हुए दिया गया है। उस दिन 7 लोग आए और सेल्फी लेने के लिए कहा। नई सुरक्षा में उस प्रकार के प्रशिक्षण का अभाव है जो एसपीजी के पास था। जब हमने अपने सुरक्षा अधिकारियों से पूछा, तो उन्होंने एक दूसरे पर दोष लगाने का खेल शुरू कर दिया।
महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध
वाड्रा बोले, मैं चाहता हूं बदलाव आए, देश की महिला सुरक्षित रहे। मेरी बेटी भी घर से दूर स्कूल जाती है, मैं भी घबराता हूं। अभी जो माहौल चल रहा है, वो खतरनाक है। तुरंत न्याय मिल, कानून का डर हो।
प्रवर्तन निदेशालय जांच पर रॉबर्ट वाड्रा
रॉबर्ट वाड्रा बोले, 'मैं उनके साथ हर कदम पर सहयोग करता हूं। वे जो भी दस्तावेज मांगते हैं, मैं वो देता हूं। मैं भारत का एक जिम्मेदार नागरिक हूं। किसी भी अन्य देश में भागने की कोशिश का कोई सवाल नहीं। मैं हर स्तर पर सहयोग कर रहा हूं।'
एक सप्ताह पहले बिना किसी अपॉइंटमेंट के सेल्फी लेने के लिए पूर्व अज्ञात व्यक्तियों ने प्रियंका के आवास में प्रवेश किया। 26 नंवबर को करीब 2 बजे उनके घर में एक अनजान गाड़ी घुस आई, जिसमें कई लोग सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, प्रियंका गांधी के आवास के भीतर तीन महिला और तीन पुरुष एक बच्चे के साथ घुस आए थे। घर में आए लोगों का कहना था कि हम उनके प्रशंसक हैं, उनसे मिलने आए हैं। सीआरपीएफ ने शिकायत दर्ज की है। वहीं मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों गांधी परिवार से एसपीजी की सुरक्षा हटी है। उसकी जगह अब सीआरपीएफ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही है।