मंत्री इमरती देवी और राज्यमंत्री डंडोतिया का इस्तीफा मंजूर, उपचुनाव में दोनों को मिली थी हार
दोनों मंत्रियों का शनिवार को ही छह महीने का समय पूरा हो रहा था। इमरती देवी ने दूसरी बार एक जुलाई 2020 को शिवराज सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी। कोई भी व्यक्ति विधायक रहे बगैर छह महीने ही मंत्री रह सकता है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी और कृषि राज्यमंत्री गिर्राज डंडोतिया का इस्तीफा शनिवार को मंजूर कर लिया है। दोनों मंत्रियों ने नवंबर अंत में अपने पदों से इस्तीफे दे दिए थे, जो अब मंजूर किए गए।
दोनों मंत्रियों का शनिवार को ही छह महीने का समय पूरा हो रहा था। इमरती देवी ने दूसरी बार एक जुलाई 2020 को शिवराज सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी। कोई भी व्यक्ति विधायक रहे बगैर छह महीने ही मंत्री रह सकता है। इस नियम के तहत इमरती देवी और गिर्राज डंडोतिया का कार्यकाल शनिवार को पूरा हो रहा था।
57 हजार से वोटों से हार गईं थी इमरती देवी
कांग्रेस छोड़कर आई इमरती देवी ने विधानसभा उपचुनाव ग्वालियर की डबरा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर लड़ा था। इसमें वे 57 हजार वोटों से हार गई। ऐसे ही दिमनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े गिर्राज डंडोतिया भी पराजित हो गए थे।