छत्तीसगढ़ के इस खूबसूरत शहर का नाम होगा 'अटलनगर', CM रमनसिंह ने की घोषणा
साथ ही बिलासपुर विश्वविद्यालय का नाम भी अटल जी के नाम पर रखा जाएगा।
रायपुर(जेएनएन)। छत्तीसगढ़ की राजधानी स्मार्ट सिटी नया रायपुर का नाम अब अटल नगर होगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए राज्य कैबिनेट ने कई निर्णय लिए हैं। इसके तहत नया रायपुर तथा सभी जिला मुख्यालयों में अटल जी की प्रतिमा लगाई जाएगी। अटल जी ने पोखरण विस्फोट कराया था, उनकी याद में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक बटालियन का नाम पोखरण बटालियन रखा जाएगा।
मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया, उन्हें श्रद्घांजलि दी गई। साथ ही नगरीय निकायों, पंचायतों, निगमों व मंडल में सभी जगह यह शोक प्रस्ताव भेजे जाने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बताया कि अटल जी की जीवनी और उनकी रचनाएं छत्तीसगढ़ बोर्ड के पाठ्यक्रम में शामिल की जाएंगी। नया रायपुर के सेंट्रल पार्क का नामकरण अटल के नाम पर किया जाएगा।
नया रायपुर में अटल स्मारक-संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने बताया कि नया रायपुर अटल नगर में अटल स्मारक बनाया जाएगा। यहां उनकी विशाल प्रतिमा लगाई जाएगी। इस प्रतिमा निर्माण में राज्य के लगभग सभी 20 हजार गांवों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। यहां का संग्रहालय पांच एकड़ भूमि पर बनेगा। यहां अटल जी की यादों को सुरक्षित व संरक्षित किया जाएगा।
विकास यात्रा का नाम अब अटल यात्रा
चुनावी साल में मुख्यमंत्री राज्य भर में विकास यात्रा निकाल रहे हैं। विकास यात्रा का पहला चरण पूरा हो चुका है। सितंबर में दूसरा चरण शुरू होगा। दूसरे चरण का नाम अब विकास यात्रा की जगह अटल यात्रा होगा।
कालेज-विश्वविद्यालय, सड़क-बगीचा अटल के नाम पर
बिलासपुर विश्वविद्यालय और राजनांदगांव मेडिकल कालेज, मड़वा ताप बिजली संयंत्र, रायपुर कलेक्टोरेट के बगीचे और रायपुर में नेरोगेज रेललाइन पर बन रहे एक्सप्रेस वे का नाम अटल के नाम पर रखा जाएगा।
कवियों के लिए अटल राष्ट्रीय पुरस्कार
राज्य सरकार कवियों के लिए अटल के नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार की स्थापना करेगी, उनकी याद में हर वर्ष 25 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर के कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव में हर साल पंचायतों और नगरीय निकायों को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन पुरस्कार भी दिया जाएगा। इसके तहत हर जनपद पंचायत में एक ग्राम पंचायत, हर संभाग में एक जनपद पंचायत, एक नगर पंचायत, एक नगर पालिका तथा राज्य स्तर पर एक नगर निगम और एक जिला पंचायत को पुरस्कार दिया जाएगा।