राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- ऐसा तो पाकिस्तान या तानाशाही में होता है...!
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं। यहां पहुंचते ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा।
नई दिल्ली [ प्रेट्र ]। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं। यहां रायपुर में जन स्वराज सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आरएसएस देश की सभी संस्थानों में घुसने की कोशिश कर रहा है, ऐसा पाकिस्तान या तानाशाही में होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं, गरीबों, किसानों की आवाज को दबाया जा रहा है।
राहुल ने कहा, 'भाजपा नहीं चाहती कि इस देश की गरीब जनता की आवाज सुनी जाए। वो महिलाओं और दलितों के हित में नहीं है। जनता न्याय के लिये सुप्रीम कोर्ट जाती है, लेकिन 70 साल में पहली बार आपने देखा होगा कि सुप्रीम कोर्ट के जज जनता के पास आकर अपना पक्ष रख रहे थे, अपनी मजबूरियां बता रहे थे।'
कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पूनिया ने बताया कि राहुल अपने दौरे के दौरान किसानों, आदिवासियों और समाज के दूसरे वर्गों के लोगों से मिलेंगे। राहुल गांधी दौरे के दूसरे दिन 18 मई को बिलासपुर संभाग के 24 विधानसभा के बूथ प्रभारियों से संवाद करेंगे, इसके बाद वह दुर्ग संभाग के 20 विधानसभा क्षेत्रों के बूथ प्रभारियों से बातचीत करेंगे। 18 मई की शाम को दुर्ग में गांधी और पटेल की प्रतिमा में मार्ल्यापण करने के बाद राहुल रोड शो करेंगे, यह रोड शो दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट तक होगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस दौरे से छत्तीसगढ़ कांग्रेस को काफी फायदा होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की खबर से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह की लहर है। पीएल पुनिया का दावा है कि प्रदेश में इस बार कांग्रेस का सत्ता में आना तय है। राहुल गांधी के दौरे से छत्तीसगढ़ की कांग्रेस को संबल तो मिलेगा ही साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश फिर से दिखेगा। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं, उसी समय मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी चुनाव होंगे। राहुल गांधी की नजर अब इन विधानसभा चुनावों पर है।