राहुल गांधी बोले, सुप्रीम कोर्ट और रिजर्व बैंक जैसी संस्थाओं को नष्ट नहीं करने देंगे
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ एक विचारधारा से देश चलाने में यकीन रखती है। उसे आइडिया ऑफ इंडिया में यकीन नहीं।
चेन्नई, प्रेट्र/आइएएनएस। मोदी सरकार पर राहुल गांधी का हमला जारी है। यहां एक रैली में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और रिजर्व बैंक जैसी संस्थाओं को नष्ट नहीं करने दिया जाएगा। वहीं द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने अगले प्रधानमंत्री के रूप में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम प्रस्तावित किया है।
कांग्रेस की सहयोगी पार्टी द्रमुक द्वारा यहां आयोजित रैली में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ एक विचारधारा से देश चलाने में यकीन रखती है। उसे आइडिया ऑफ इंडिया में यकीन नहीं। लेकिन हम इसे खत्म नहीं होने देंगे। मोदी सरकार पर सरकारी संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट, रिजर्व बैंक, चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को खत्म करने की अनुमति नहीं जाएगी। हम सभी मिलकर इसे रोकेंगे।
द्रमुक के दिवगंत अध्यक्ष एम करुणानिधि की प्रतिमा के अनावरण के बाद इस रैली का आयोजन किया गया था। तेदेपा सुप्रीमो और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू भी रैली में शामिल थे।
राहुल गांधी ने कहा कि करुणानिधि की याद और तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान में भारत का हर व्यक्ति एक साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि भारत के सभी लोग मिलकर 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराएंगे।
करुणानिधि की प्रतिमा का अनावरण
इससे पहले, संप्रग (यूपीए) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यहां द्रमुक के दिवंगत अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि की कांसे की प्रतिमा का अनावरण किया। द्रमुक मुख्यालय में लगी इस प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विपक्षी एकता की झलक भी दिखी।
कार्यक्रम में राहुल गांधी और चंद्रबाबू नायडू के अलावा केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, अभिनेता से नेता बने रजनीकांत के साथ ही द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन और पार्टी के नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। एमडीएमके अध्यक्ष वाइको भी कार्यक्रम में शामिल हुए।