मोदी सरकार को आर्थिक सुस्ती पर घेरने की तैयारी में कांग्रेस, विदेश यात्रा पर रवाना हुए राहुल गांधी
कांग्रेस ने अगले महीने की शुरुआत में भाजपा की आर्थिक नीतियों के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है। ऐसे में राहुल गांधी के उपस्थित न रहने पर सवाल खड़े हो रहे हैं
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस ने अगले महीने की शुरुआत में भाजपा की आर्थिक नीतियों के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है। ऐसे में राहुल गांधी के उपस्थित न रहने पर फिर सवाल खड़े हो रह हैं। कांग्रेस ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि यह पहली नहीं, जब राहुल गांधी मेडिटेशन के लिए जा रहे हैं। पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि इस अभियान की पूरी रूपरेखा राहुल गांधी के निर्देशानुसार तैयार की गई है।
कांग्रेस पार्टी ने 5 नवंबर से 15 नवंबर तक देश की मौजूद आर्थिक स्थिति को लेकर भाजपा को देशभर में घेरने की रणनीति बनाई है। इस दौरान कांग्रेस देश के अलग-अलग राज्यों में 35 प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी और मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला करेगी। कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीति पर पूरे जोश के साथ काम करना शुरू कर दिया है, लेकिन राहुल गांधी के उपस्थित न रहने पर फिर विपक्ष को हमला करने का मौका मिल गया। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी हफ्तेभर के लिए इंडोनेशिया चले गए हैं।
रणदीप सुरजेवाला से जब मीडिया राहुल गांधी के इंडोनेशिया जाने पर सवाल किए, तो उन्होंने कहा, 'देखिए, यह पहली बार नहीं है, जब राहुल गांधी मेडिटेशन के लिए इंडिया से बाहर गए हैं। समय-समय पर वह मेडिटेशन के लिए जाते रहते हैं। जहां तक विपक्ष के खिलाफ कांग्रेस के अभियान की बात है, तो इसकी पूरी रूपरेखा राहुल गांधी के निर्देश और सलाह के बाद तैयार की गई है। अभियान की हर छोटी से छोटी बात उनको पता है।'
इससे पहले कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया था कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हम 5 से 15 नवंबर के बीच पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस दौरान केंद्र सरकार के कारण देश की जो मौजूद आर्थिक स्थिति है, उस पर जनता का ध्यान आकर्षित कराया जाएगा। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में देश के अलग-अलग हिस्सों में दिग्गज नेता भी सड़कों पर नजर आएंगे। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी ये जानकारी नहीं दी गई है कि कौन-सा नेता कहां विरोध प्रदर्शन करता नजर आएगा।