कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, अहमद पटेल नए कोषाध्यक्ष, मोतीलाल वोरा बने महासचिव
अहमद पटेल को उनके जन्मदिवस के दिन राहुल ने उन्हें कांग्रेस के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कमर कस रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी संगठनात्मक टीम में अहम बदलाव करते हुए अहमद पटेल को कांग्रेस का नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। पटेल को मोतीलाल वोरा की जगह चुनाव पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वोरा अब महासचिव के रुप में कांग्रेस मुख्यालय के प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राहुल ने वरिष्ठ नेता मीरा कुमार को कार्यसमिति में शामिल कर दलित समुदाय में पार्टी का सियासी संदेश देने की कोशिश की है।कांग्रेस इस समय अगले चुनाव की तैयारियों के लिए संसाधनों की कमी से रूबरू हो रही है। ऐसे में अहमद पटेल की कोषाध्यक्ष के रुप में नियुक्ति उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। इस नई भूमिका के साथ पटेल की राहुल गांधी की टीम में भी आधिकारिक सियासी भूमिका तय हो गई है। सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष रहते करीब दो दशक तक उनके राजनीतिक सलाहकार की ताकतवर भूमिका में रहे पटेल दस जनपथ के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकारों में रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि सोनिया ने जब कांग्रेस अध्यक्ष की कमान संभाली थी तब पटेल ही पार्टी के कोषाध्यक्ष थे। सोनिया ने अपनी टीम बनाई तो मोतीलाल वोरा को कोषाध्यक्ष बनाया और पटेल उनके राजनीतिक सलाहकार बने। इस तरह पटेल करीब 18 साल बाद दुबारा कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं मोतीलाल वोरा की निष्ठा का ख्याल रखते हुए संगठन में उनकी महासचिव के रुप में भूमिका बरकरार रखी गई है।एनआरसी मुद्दे की वजह से बेहद अहम असम तथा पूर्वोत्तर राज्यों की जिम्मेदारी अब गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइजिनो फेलेरियो को सौंपी गई है।
फेलेरियो को सीपी जोशी की जगह पार्टी का नया महासचिव बनाया गया है। इसी तरह आनंद शर्मा को डा कर्ण सिंह की जगह कांग्रेस के विदेश विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को स्थाई आमंत्रित सदस्य के रुप में कांग्रेस कार्यसमिति में शामिल किया गया है। पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस ने मीरा कुमार ने विपक्ष के संयुक्त प्रत्याशी के तौर पर एनडीए उम्मीदवार रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खिलाफ मैदान में उतारा था। तभी से यह तय माना जा रहा था कि मीरा कुमार की पार्टी में सक्रिय भूमिका बढ़ेगी।