भीमा कोरेगांव मामलाः कांग्रेस नेता दिग्विजय का नक्सलियों से लिंक, पुलिस कर सकती है पूछताछ
पुणे पुलिस के डीसीपी सुहास बावचे का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी, तो हम दिग्विजय सिंह को जांच में जुड़ने के लिए समन भी कर सकते हैं।
नई दिल्ली (एजेंसी)। भीमा कोरेगांव हिंसा की जांच कर रही पुणे पुलिस कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से पूछताछ कर सकती है। पुलिस के हाथ कुछ नए तथ्य लगे हैं। इस मामले के तार कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से जुड़ते दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जनवरी में हुई इस हिंसा में कांग्रेस के इस दिग्गज नेता की भूमिका की जांच की जा रही है। पुणे पुलिस के डीसीपी सुहास बावचे का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी, तो हम दिग्विजय सिंह को जांच में जुड़ने के लिए समन भी कर सकते हैं। मामले में जांच के सिलसिले में कुछ पत्र हासिल किए गए हैं। उन पत्रों में कुछ मोबाइल नंबर दिए गए हैं, उनकी हम जांच कर रहे हैं।
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, पुणे पुलिस के अनुसार इस मामले में जून में गिरफ्तार माअोवादी विचारक रोना विल्सन को नक्सली नेता मिलिंद टेलम्बडे ने खत लिखा था, जिसमें कहा गया था कि कई कांग्रेसी नेता हमारी मदद को तैयार हैं। इसी जांच में पुलिस ने जब गिरफ्तार माओवादी समर्थक नेताओं प्रकाश उर्फ रितुपन गोस्वामी और सुरेंद्र गाडलिंग के मोबाइल नंबरों की पड़ताल की, तो एक नंबर पर उनकी कई बार बात हुई थी। वह नंबर किसी और का नहीं बल्कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का निकला। डीसीपी सुभाष ने माना कि पुलिस की यह जांच बहुत संवेदनशील और हाई प्रोफाइल लोगों से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में सभी तरह से पड़ताल कर रहे हैं।
इससे पहले भाजपा की तरफ से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर नक्सल लिंक का आरोप लगाया गया था। दिग्विजय ने भाजपा के इस आरोप पर तुरंत कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें पहले भी देशद्रोही कहा जा चुका है, इसलिए सरकार उन्हें गिरफ्तार करे। जो नंबर दिया गया है, वह राज्यसभा के पोर्टल पर उपलब्ध है। उसे मैं चार साल से प्रयोग नहीं करता हूं। अगर मैं देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हूं तो मोदी जी, राजनाथ जी और फडनवीस जी को मेरे खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजपा ने भी लगाया था आरोप
बता दें, भाजपा नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाए थे कि दिग्विजय सिंह का नक्सलियों के साथ लिंक हैं। संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह के कथित तौर पर नक्सली कनेक्शन हैं। भाजपा के आरोप पर पलटवार करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा था कि अगर ऐसा है तो मुझे सरकार गिरफ्तार करे। उन्होंने कहा कि पहले देशद्रोही, अब नक्सली। अगर ऐसा है तो यहीं से गिरफ्तार करिए मुझे।'