National Science Day: PM मोदी ने भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और दृढ़ता को किया सलाम
नरेंद्र मोदी ने नेशनल साइंस डे (National Science Day) के शुभ अवसर पर भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और दृढ़ता को सलाम किया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल साइंस डे (National Science Day) के शुभ अवसर पर भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और दृढ़ता को सलाम किया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों के उत्साह और अनुसंधान ने विश्वभर की मदद की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं कि हमारे वैज्ञानिक इसी तरह से कामयाब होते रहें और भारतीय युवाओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा पैदा करने में अपना योगदान देते रहें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि नेशनल साइंस डे का अवसर भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और दृढ़ता को सलाम करना होता है। बता दें कि नेशनल साइंस डे प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है।
नरेंद्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भारतीय वैज्ञानिकों को सलाम किया। राष्ट्रपति कोविंद ने इस खास अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस धरती पर विशेष दिमाग वाले लोगों ने जन्म लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे देश में वैज्ञानिक जांच की एक लंबी और शानदार परंपरा है। प्राचीन काल से लेकर मध्ययुग और फिर आधुनिक काल तक, यह भूमि असाधारण ज्ञान का घर रही है जिसने मानवीय ज्ञान को आगे बढ़ाया है।
सी.वी. रमन पर डाला प्रकाश
राष्ट्रपति कोविंद ने अपने संबोधन में कहा कि इस दिन 1928 में सर सी.वी. रमन ने प्रकाश पर एक बेहतरीन खोज की घोषणा की, जिसे 'रमन प्रभाव' के रूप में जाना जाता है। उन्हें 1930 में भौतिकी (Physics) के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद वह किसी भी विज्ञान के लिए सम्मान जीतने वाले पहले एशियाई बन गए थे।
इसके साथ ही कोविंद ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हमें अपने वैज्ञानिक उद्यम की गुणवत्ता और प्रासंगिकता बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। हमारे विज्ञान को हमारे लोगों के लिए उनके विकास और भलाई में योगदान देकर काम करने में योगदान देना चाहिए।