अोडिशा में पटनायक, आंध्रा में रेड्डी की सरकार बनना तय; पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा औऱ आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनाव जीतने पर नवीन पटनायक तथा जगनमोहन रेड्डी को बधाई दी।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनावों में जीत के लिए तेलुगु भाषा में जगन मोहन रेड्डी और ओडिया भाषा में नवीन पटनायक को बधाई दी।
अब तक के रुझान के मुताबिक 175 सीटों वाली आंध्रप्रदेश की सत्ता चंद्रबाबू नायडू के हाथों से फिसल रही है और तेलगुदेशम पार्टी (टीडीपी) को मात्र 28 सीटों पर बढ़त मिली हुई है। वहीं, प्रतिद्वंद्वी बायएसआर कांग्रेस पार्टी स्पष्ट बहुमत के लिए जरूरी 88 सीटों के जादुई आंकड़े को पार कर 145 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यह नायडू के लिए दोहरे झटके जैसा है क्योंकि लोकसभा चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन काफी निराशाजनक दिख रहा है। टीडीपी मात्र 1 सीट पर आगे चल रही है। माना जा रहा है कि टीडीपी प्रमुख और सूबे के सीएम चंद्रबाबू नायडू जल्द ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। दिलचस्प यह है कि यहां एग्जिट पोल्स भी बंटे हुए थे। एक ने टीडीपी की सरकार और दूसरे ने वायएसआर की सरकार बनने की भविष्यवाणी की थी।
वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजेडी के मुखिया नवीन पटनायक के हाथों में सत्ता बरकरार दिख रही है। उनके लिए दोहरी खुशी की बात है। बीजेडी ने न सिर्फ राज्य की सत्ता पर कब्जा बरकरार रखा है बल्कि लोकसभा चुनावों में पिछली बार 20 सीटें जीतने वाली पार्टी इस बार मोदी मैजिक के बावजूद 14 सीटों पर आगे चल रही है।
आपको बता दें कि ओडिशा में 2014 की तुलना में बीजेडी को भले ही सीटें कम मिल रही हों पर उसे स्पष्ट बहुमत आसानी से मिल सकता है। बीजेडी 101 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, भाजपा की सीटों में इजाफा होता भी दिख रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में 10 सीटें जीतने वाली भाजपा इस बार 24 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस के खाते में 10 सीटें जाती दिख रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप