प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' भाजपा का मूल मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास भाजपा का मूल मंत्र है और इसका मिशन देश और उसके विकास के लिए काम करना है। प्रधानमंत्री यहां पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' भाजपा का मूल मंत्र है और इसका मिशन देश और उसके विकास के लिए काम करना है। प्रधानमंत्री यहां पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा- 'देश पहले' की भावना के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए करें काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मूल मंत्र को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सकारात्मक काम किए। उन्होंने जीएसटी और कृषि क्षेत्र में सुधार का खासतौर पर जिक्र किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 'राष्ट्र पहले' की भावना के साथ पार्टी को मजबूत करने और उसे विस्तार देने के काम में जुटने का आह्वान किया।
भूपेंद्र ने कहा- भाजपा का मिशन सत्ता पाना नहीं, बल्कि देश और उसके विकास के लिए काम करना
बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के मिशन को स्पष्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि पार्टी का मिशन सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि देश की सेवा करना और उसे समृद्ध बनाना है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ,सबका विकास, सबका विश्वास पार्टी का मूल मंत्र है और इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी सकारात्मक काम कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा- भाजपा सरकार ने देश को मजबूत करने का काम किया
प्रधानमंत्री ने कहा कि सुधारों को लगातार आगे बढ़ाते हुए भाजपा सरकार ने भारत को मजबूत करने का काम किया है। इससे देश में विकास के लिए सकारात्मक विकास का माहौल बना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को इसका इस्तेमाल संगठन को नए क्षेत्रों और वर्गों के बीच विस्तार के लिए करना चाहिए।
कृषि क्षेत्र में सुधार, कोरोना महामारी एवं चीन से निपटने के लिए की गई पीएम की सराहना
भाजपा उपाध्यक्ष रमन सिंह ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव पारित कर कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए कानून बनाने और कोरोना महामारी एवं पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ पैदा हुए तनाव से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि तीनों कृषि कानूनों को किसानों के हित में लाया गया है।
भूपेंद्र यादव ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में एनडीए सरकार बनने का भरोसा जताया
भूपेंद्र यादव ने बताया कि बैठक में बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें बंगाल, असम और पुडुचेरी में बहुमत के साथ भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने का भरोसा जताया गया। वहीं तमिलनाडु में आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआइएडीएमके)के साथ भाजपा के गठबंधन को भी लोगों का आशीर्वाद मिलने की उम्मीद जताई गई। उनके अनुसार केरल में दो ध्रुवों में बंटी हुई राजनीति के बीच जनाधार में बढ़ोतरी के साथ भाजपा एक मजबूत स्तंभ के रूप में उभरेगी। बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर राज्य के वरिष्ठ नेता मुकुल राय ने अपनी रिपोर्ट रखी, जिसमें दावा किया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को 200 से अधिक सीटें मिलेंगी।
बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई
यादव के अनुसार बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसकी सफलता के लिए पार्टी लोकल फॉर वोकल, स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल के संकल्प और स्टार्टअप के लिए युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाएगी। महिलाओं और बच्चों के लिए चलाए जा रहे पोषण अभियान को सफल बनाने के लिए महिला कार्यकर्ता स्वयंसेवी संगठनों के साथ काम करेंगी।
कांग्रेस पर भाजपा का प्रहार
भाजपा ने कृषि सुधारों से लेकर सरकार के तमाम फैसलों के विरोध को लेकर विपक्ष और खासतौर पर कांग्रेस भी आड़े हाथों लिया। उनके अनुसार पूरे कोरोना काल में कांग्रेस ने झूठ की बुनियाद पर देश में अनावश्यक भय पैदा करने की कोशिश की, जो पूरी तरह से विफल हुई। कांग्रेस के विरोध में विरोधाभास को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि उसने अपने घोषणापत्र में एपीएमसी में संशोधन सहित कृषि में सुधारों की बात की थी। लेकिन जब हम एपीएमसी को रखते हुए किसानों को विकल्प देने का सुधार करते हैं, तो कांग्रेस उसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि राममंदिर से लेकर अनुच्छेद 370 और अब वैक्सीन तक का विरोध कांग्रेस के पूर्वाग्रह से ग्रसित होने परिणाम है।