Assembly Polls: अमर्यादित शब्दों के प्रहार से धधक उठी मध्य प्रदेश में उपचुनाव की सियासत
मप्र विधानसभा उपचुनाव की तारीख भले तय नहीं हुई लेकिन राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं की कड़वी जुबान ने जायका बिगाड़ दिया है।
आनन्द राय. भोपाल। मप्र विधानसभा उपचुनाव की तारीख भले तय नहीं हुई, लेकिन राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं की कड़वी जुबान ने जायका बिगाड़ दिया है। अमर्यादित शब्दों के प्रहार से सियासत धधक उठी है। कड़वे बोल से तत्काल मिलने वाली सुर्खियों और उत्तेजना ने जुबान को बेलगाम कर दिया है। चाहे कांग्रेस हो या भाजपा आग दोनों तरफ लगी है। अभी तो मंचों से 'गद्दार', 'बिकाऊ', 'धोखेबाज', 'आतंकवादी' जैसे शब्द गूंज रहे हैं। आने वाले दिनों में ऐसी जुबान वाले नेता चुनाव आयोग के लिए चुनौती बन जाएंगे।
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के दौरान कड़वी भाषा बोलने वाले नेताओं पर लगाया था प्रतिबंध
लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने कड़वी भाषा बोलने पर उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, सपा सांसद आजम खान, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रवेश वर्मा समेत कई प्रमख नेताओं पर निर्धारित सीमा तक चुनावी सभा के लिए प्रतिबंध लगाया था। मध्य प्रदेश में भी उपचुनाव की तैयारी में रैली और सभा कर रहे नेताओं के बोल देखते हुए ऐसी संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।
सिंधिया और कमल नाथ में अमर्यादित शब्दों के प्रहार
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगुआई में कांग्रेस के 22 विधायकों के टूटने और शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनने के बाद से ही हमले तेज हो गए थे, पर इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह ने सिंधिया और उनके साथ भाजपा में शामिल होने वालों को गद्दार कहना शुरू कर दिया है। सिंह ने तो विधायकों को बिकाऊ भी कहा। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह की नदी बचाओ यात्रा में गद्दार का नारा गूंजा। सिंधिया भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने पलटवार में कमल नाथ और दिग्विजय सिंह को ही गद्दार कह डाला। उधर, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कमल नाथ को आतंकवादी कह दिया।
आंख फोड़ने की धमकी का ऑडियो वायरल, मंत्री इमरती ने कहा- चुनाव 'कलेक्टर' जितवा देंगे
प्रदेश की महिला व बाल विकास मंत्री इमरती देवी का कार्यकर्ता को आंख फोड़ने की धमकी देने वाला ऑडियो वायरल हुआ। उन्होंने तो यहां तक कह डाला कि चुनाव तो 'कलेक्टर' जितवा देंगे। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा तो कमल नाथ को मंचों से धोखेबाज और डिफॉल्टर तक कह रहे हैं।
मर्यादा टूट रही है और लोग आहत हो रहे हैं
अनेक प्रसंग हैं, जिनसे मर्यादा टूट रही है और लोग आहत हो रहे हैं। चुनाव आयोग सचेत नहीं हुआ तो कड़वाहट और बढ़ सकती है।
कांग्रेस ने लोकतंत्र का जो सम्मान बनाया, उसे भाजपा खंडित कर रही है
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में लोकतंत्र का जो सम्मान बनाया, उसे भाजपा खंडित कर रही है। इससे राज्य में ऐसे शब्द सुनाई पड़ रहे हैं, जो प्रचलित नहीं हैं। कांग्रेस ने जो कुछ कहा, वह आज की स्थिति है, लेकिन भाजपा की भाषा अमर्यादित है- दुर्गेश शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस, मप्र।
कांग्रेस ने हमेशा मर्यादा तोड़ी है, भ्रष्टाचार और धोखेबाजी उसकी संस्कृति है
कांग्रेस ने हमेशा मर्यादा तोड़ी है। भ्रष्टाचार और धोखेबाजी उसकी संस्कृति है और जनता की भावनाओं से छल करना उनकी परंपरा। कांग्रेस के नेता जिस भाषा और शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, उस पर निश्चित रूप से आयोग संज्ञान लेगा- दीपक विजयवर्गीय, मुख्य प्रवक्ता, भाजपा, मप्र।