तेलंगाना में रानी अवंती बाई प्रतिमा स्थापना पर बवाल, भाजपा विधायक का गंभीर आरोप
तेलंगाना में भाजपा विधायक टी राजा सिंह लोध पर पुलिस ने हमला किया वहीं उनके समर्थकों पर लाठीचार्ज भी।
हैदराबाद, प्रेट्र । तेलंगाना में भाजपा विधायक टी राजा सिंह लोध पर पुलिस ने हमला किया वहीं उनके समर्थकों पर लाठी चार्ज भी। यह घटना उस समय की हुई जब वे अपने समर्थकों के साथ स्वतंत्रता सेनानी रानी अवंतीबाई की पुरानी प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा स्थापित करने गए थे। इधर पुलिस ने विधायक के आरोपों से इन्कार करते हुए कहा है कि उन्होंने खुद को घायल कर लिया है। पुलिस ने विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रानी अवंती बाई प्रतिमा स्थापना पर बवाल
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को दिन के करीब दो बजे राजा सिंह ने अपने 200 समर्थकों के साथ मिलकर जुमेरात बाजार इलाके में 20 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने मे जुटे थे। अपने समर्थकों के साथ वह पुरानी प्रतिमा की जगह नई स्थापित करने जा रहे थे। लेकिन इसकी अनुमति नहीं ली थी। पुलिस इसे कानून का उल्लंघन बता रही है। विधायक राजा सिंह ने कहा कि पुलिस ने लाठी चार्ज करने के बाद उनपर हमला किया जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई। उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है।
पुलिस ने की दंगा का मुकदमा
पुलिस ने उनके खिलाफ दंगा करने और आइपीसी की विभिन्न संगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में पश्चिमी जोन के पुलिस उपायुक्त एआर श्रीनिवास ने कहा कि राजा सिंह बिना अनुमति के ही नई प्रतिमा स्थापित करने जा रहे थे। पुलिस ने इसका विरोध किया और रोका तो विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस पर हमला कर दिया जिससे कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने एक वीडियो फुटेज जारी किया है जिसमें राजा सिंह को अपने सिर पर पत्थर मारते देखा जा सकता है।
कौन थी रानी अवंतीबाई
लोधी-जनजाति की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी विक्रमादित्य सिंह की पत्नी थीं। विक्रमादित्य सिंह रामगढ़ स्टेट के शासक थे। रानी ने 1857 में ब्रिटिश के खिलाफ 4000 सैनिकों का अपना दस्ता तैयार किया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप