माया-अखिलेश पर स्मृति ईरानी का तंजः महागठबंधन का जलवा देख, लूट लिया बर्थडे केक
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बसपा प्रमुख मायावती के जन्मदिन का केक लूटने को लेकर महागठबंधन पर करारा तंज कसा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बसपा प्रमुख मायावती के जन्मदिन का केक लूटने को लेकर महागठबंधन पर करारा तंज कसा है। स्मृति ने एक निजी चैनल की वीडियो न्यूज रिपोर्ट साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'महागठबंधन का जलवा देख; लूट लिया बर्थडे का केक।'
गौरतलब है कि 15 जनवरी को उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिन प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान अमरोहा, मेरठ और हापुड़ समेत कई जगहों पर बहुत बड़ा केक बनाया गया था। लेकिन केक काटने के साथ ही वहां मौजूद लोग उस पर टूट पड़े और केक लूट ले गए। बाद में केक लूटने के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गए। केंद्रीय मंत्री ईरानी ने इसी घटनाक्रम को लेकर सपा-बसपा गठबंधन पर तंज कसा।
सपा-बसपा का हुआ है गठबंधन
गौरतलब है कि इस बार सपा-बसपा साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। दोनों पार्टियां इस बार भाजपा को हराने के मकसद से इकट्ठा हुई हैं। हालांकि, पिछली बार विधानसभा चुनाव में सपा की साथी रही कांग्रेस को इस गठबंधन से बाहर रखा गया है।
वहीं, भाजपा की ओर से इस गठबंधन को मजबूरी का गठबंधन बताकर प्रचारित किया जा रहा है। पीएम मोदी तो यहां तक कह चुके हैं कि सब दिल मिलकर देश में एक मजबूत की बजाए मजबूर सरकार बनाना चाहते हैं। हालांकि, विपक्षी दल इस गठबंधन पर पीएम मोदी को उनके 40 साथी दलों की याद दिलाते हैं, जिनके सहयोग से देश के कई राज्यों में भाजपा सरकार चला रही है और आगामी लोकसभा चुनाव में भी साथ मिलकर एनडीए की सत्ता वापसी की तैयारी कर रही है।