नोटबंदी पर विपक्ष फिर हमलावर, साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टिंग जारी कर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियां पहले भी नोटबंदी को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। इस बार साझा प्रेस कॉफ्रेंस में एक स्टिंग जारी कर फिर से आरोप दोहराए गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। केंद्र सरकार द्वारा 8 नवंबर 2016 को की गई नोटबंदी को लेकर विपक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्षी दलों ने साझा प्रेस कॉफ्रेंस कर आरोप लगाया है कि नोटबंदी से भाजपा को काफी फायदा हुआ है। अपने आरोपों के समर्थन में विपक्ष ने एक वीडियो क्लिप भी दिखाई है। हालांकि, ये वीडियो सच है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं है।
स्टिंग ऑपरेशन के जरिए विपक्ष ने आरोप लगाया है कि भाजपा को नोटबंदी से लाभ हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि चौकीदारों (भाजपा नेताओं) ने देशवासियों को धोखा दिया है। आरोप है कि नोटबंदी के बाद नोट बदलने के खेल में भाजपा के साथ बैंकों की भी मिलीभगत थी। नोटबंदी से गरीबों को लूटा गया है। ये आम जनता के जेब से रुपये छीनने जैसा था। करोड़ों लोग बेरोजगार हुए हैं। नोटबंदी की वजह से देश बहुत पीछे चला गया है।
मालूम हो कि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियां पहले भी केंद्र की एनडीए सरकार पर नोटबंदी को लेकर कई तरह के गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। हालांकि, पहले भी लगाए गए किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में लोकसभा चुनाव 2019 से ठीक पहले स्टिंग वीडियो जारी कर एक बार फिर सरकार को घेरने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस का दावा है कि 31 मिनट का ये स्टिंग गुजरात का है।
इस वीडियो में एक व्यक्ति को नोट बदलवाने के संबंध में फोन पर बात करते हुए दिखाया गया है। विपक्ष का दावा है कि ये बातचीत नोटबंदी के बाद हो रही थी। वीडियो में नोटों के बंडल भी दिखाए गए हैं। ये भी आरोप लगाया गया है कि नोटबंदी के दौरान कुछ भाजपा नेताओं ने नोट बदलवाए हैं। हालांकि, विपक्ष के पास इन आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है।
दो साल पूरे होने पर लगाए थे आरोप
नोटबंदी के दो साल पूरे होने पर भी मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की ओर से मोदी सरकार को घेरने की कोशिश की गई थी। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में भारतीय रिजर्व बैंक के बाहर प्रदर्शन किया था। उस वक्त भी कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नोटबंदी को आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला बताया था।