महाराष्ट्र में सरकार गठन पर कांग्रेस ने कहा, भाजपा ने की लोकतंत्र की हत्या
महाराष्ट्र में सरकार गठन किए जाने के बाद कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस इस तरह से संविधान की खिल्ली उड़ाए जाने के खिलाफ संघर्ष करेगी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। महाराष्ट्र में नाटकीय ढंग से देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने को कांग्रेस ने भारत के इतिहास का काला अध्याय कहा है। पार्टी ने कहा है कि राज्य में 'अवैधानिक' सरकार बनाकर भाजपा ने लोकतंत्र के पेशेवर हत्यारे की भूमिका निभाई है। विपक्षी दल ने यह भी विश्वास जताया है कि राज्य में कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना की सरकार बनेगी।
नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुजरेवाला ने आरोप लगाया कि राज्यपाल एकबार फिर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 'हिटमैन' साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवसरवादी एनसीपी नेता अजीत पवार ने जेल भेजे जाने के भय से भाजपा के साथ हाथ मिलाया है। चुनाव के पहले भाजपा ने 72000 करोड़ के सिंचाई घोटाला मामले में अजीत को आर्थर रोड जेल भेजने का वादा किया था और अब उपमुख्यमंत्री बनाया है।
सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस इस तरह से संविधान की खिल्ली उड़ाए जाने के खिलाफ संघर्ष करेगी। पार्टी कानूनी रूप से और सदन के फ्लोर पर विश्वास मत में पराजित करने में जुटेगी।
फडणवीस, अजीत ने शकुनी, दुर्योधन की भूमिका निभाई
कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार ने शकुनी और दुर्योधन की भूमिका निभाई है। महाराष्ट्र की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का मजाक उड़ाया है। इन लोगों ने जनता के साथ धोखा किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के लिए सवाल भी रखा। आखिर किस समय राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया गया? दावे पर भाजपा और राकांपा के कितने विधायकों ने हस्ताक्षर किए थे? कब और किस समय राज्यपाल ने हस्ताक्षर करने वालों की पुष्टि की थी?