Move to Jagran APP

Lakhimpur Kheri Case: प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर बिफरा विपक्ष, पवार समेत दूसरे दलों के कई नेताओं ने दिया साथ

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री के बेटे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अजय कुमार मिश्रा किसानों की हत्या के दोषियों को बचा रहे हैं। कांग्रेस नेता पूर्व गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि प्रियंका की गिरफ्तारी पूरी तरह गैरकानूनी है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Tue, 05 Oct 2021 09:19 PM (IST)Updated: Wed, 06 Oct 2021 08:01 AM (IST)
Lakhimpur Kheri Case: प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर बिफरा विपक्ष, पवार समेत दूसरे दलों के कई नेताओं ने दिया साथ
प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेताओं ने बोला चौतरफा हमला

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। किसानों के समर्थन में लखीमपुर खीरी जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को गिरफ्तार कर हिरासत में रखे जाने के खिलाफ कांग्रेस ही नहीं तमाम विपक्षी दलों ने योगी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए हमला बोला है। विपक्ष ने लखीमपुर खीरी में किसानों को अपनी गाड़ी से रौंदने के मामले में आरोपित केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा के बेटे को अब तक गिरफ्तार नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया है।

loksabha election banner

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री के बेटे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अजय कुमार मिश्रा किसानों की हत्या के दोषियों को बचा रहे हैं। कांग्रेस नेता पूर्व गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि प्रियंका की गिरफ्तारी पूरी तरह गैरकानूनी है। इससे स्पष्ट हो गया है कि उत्तर प्रदेश में कानून का शासन नहीं रहा। पुलिस केवल मुख्यमंत्री के आदेश का पालन कर रही है। उन्होंने रात के अंधेरे में पुरुष पुलिस अधिकारी द्वारा प्रियंका की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ जो धाराएं लगाई गई है वे उपहास के लायक हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार व कई अन्य विपक्षी नेताओं ने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। विपक्षी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को किसानों से मिलने से रोकने पर सवाल उठाते हुए पवार ने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता की यह इंतहा है। वह पीड़ितों से मिलकर उनका दर्द बांटने से विपक्षी नेताओं को रोक रही है।

शिवसेना नेता संजय राउत ने प्रियंका की गिरफ्तारी को लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास करार देते हुए कहा कि इसके खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट होकर इस उत्पीड़न के विरोध में संघर्ष के लिए उतरने की जरूरत है।

कांग्रेस की तरफ से प्रियंका की गिरफ्तारी पर सबसे पहले राहुल गांधी ने हमला बोलते हुए कहा कि जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है, सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी।

मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और आरोपित बेटे की गिरफ्तारी की मांग उठाई

इसके बाद कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने लखीमपुर खीरी घटना के आरोपित मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी और मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद भी मंत्री पुत्र गिरफ्तार नहीं हुआ है जबकि पीड़ितों के आंसू पोंछने जा रही प्रियंका को बिना अपराध बताए हिरासत में रखा गया है। क्या भाजपा सरकार का यही राम राज्य है।

पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर प्रियंका की गिरफ्तारी को गैरकानूनी ठहराते हुए कहा कि क्या कोई नेता अपने देश के लोगों के साथ हुए जुल्म के खिलाफ खड़े होने का अधिकार नहीं रखता। अगर नहीं रखता, तो क्या यही हमारा लोकतंत्र है। यह आज का अहम सवाल है। यह कोई दलगत राजनीति का सवाल नहीं है बल्कि देश के बुनियादी मूल्यों का है। इन मूल्यों पर जो नेता, पार्टियां और सरकारें खरी नहीं उतरतीं, जनता की अदालत में उनको कभी न कभी इसका जवाब देना पड़ता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.