अब वैक्सीन से रुकेगा डेंगू का डंक, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने लोकसभा में दी जानकारी
अब वैक्सीन से रुकेगा डेंगू का डंक भारत में डेंगू के वैक्सीन का विकास अंतिम चरण में।
नई दिल्ली जेएनएन। आने वाले कुछ सालों में डेंगू जैसी जानलेवा बीमारी से निपटना मुश्किल नहीं होगा। भारत में इसकी रोकथाम के लिए वैक्सीन का विकास किया जा रहा है, तो अंतिम चरण में पहुंच गया है। लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि एक बार डेंगू का वैक्सीन तैयार हो जाने के बाद इसके मरीजों की संख्या में भारी कमी आ जाएगी।
दरअसल प्रश्नकाल के दौरान बहरामपुर से सांसद व लोकसभा में कांग्रेस के नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल में लोगों के बड़ी संख्या में डेंगू की बीमारी से पीडि़त होने का मुद्दा उठाया था। वे जानना चाहते थे कि केंद्र सरकार डेंगू की रोकथाम के लिए क्या कदम उठा रही है। इसका जवाब देते हुए हर्षवर्धन ने बताया कि जिस एडिस मच्छर के काटने का कारण होता है, जो साफ पानी में ही पैदा होता है।
स्वास्थ्य राज्य सरकार का विषय होने के कारण इसकी रोकथाम और आम लोगों में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। इसके लिए केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पर्याप्त सहायता उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही उन्होंने सदन को डेंगू के नए वैक्सीन के विकसित किये जाने की जानकारी दी। उनका कहना था कि नए वैक्सीन का विकास भारत में ही किया जा रहा है और यह अंतिम चरण में है। उनके अनुसार जल्द ही उसे आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।