वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का वार, कहा- कांग्रेस का लोकतंत्र की बात करना दुखद
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस को सत्ता की भूखी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने 45 साल पहले आज ही के दिन लोगों से उनके अधिकार छीन लिए थे।
चेन्नई, पीटीआइ। भाजपा नेता एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को पार्टी की तमिलनाडु इकाई के कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन रैली में संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखे हमले किए। सीतारमण ने कांग्रेस को सत्ता की भूखी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने 45 साल पहले आज ही के दिन लोगों से उनके अधिकार छीन लिए थे। ऐसे में कांग्रेस द्वारा आज लोकतंत्र की बात करना दुखद है।
केंद्रीय मंत्री ने 25 जून 1975 को देश में लगाए गए आपातकाल को याद करते हुए कहा कि यह सत्ता की भूखी कांग्रेस द्वारा लागू किया गया था जो 21 मार्च 1977 तक चला था। कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र के सामने बड़ी चुनौती पेश की थी। सीतारमण ने कहा कि आपातकाल में लोगों के अधिकार पूरी तरह छीन लिए गए थे। कांग्रेस ने ऐसा कदम सत्ता के लोभ में उठाया था।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान लोगों पर अत्याचार किए गए और विपक्ष के कई बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। दिवंगत मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार बर्खास्त कर दी गई थी। यहां तक कि द्रमुक नेता मेयर चिट्टीबाबू जेल में यातनाएं नहीं झेल पाए और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया था। काग्रेस आज लोकतंत्र की बात करती है लेकिन उसकी यह हिम्मत दुखद है।
वहीं पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आज से ठीक 45 साल पहले देश पर आपातकाल थोपा गया था। उस समय भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिन लोगों ने संघर्ष किया और यातनाएं झेलीं... उन सभी को मेरा शत-शत नमन है। उनका त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूल पाएगा। वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि यह हमारे सत्याग्रहियों का तप ही था, जिससे भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों ने एक अधिनायकवादी मानसिकता पर जीत हासिल की थी।