Move to Jagran APP

नगरीय निकाय चुनावों के बहाने आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश में बढ़ाई सक्रियता

आम आदमी पार्टी (आप) ने नगरीय निकाय चुनावों के लिए बहुत पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। विधानसभा उपचुनाव में भी पार्टी ने अपने प्रत्याशी सिर्फ इसलिए मैदान में नहीं उतारे थे कि उससे निकाय चुनाव की तैयारियां प्रभावित होती।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sat, 13 Mar 2021 07:35 PM (IST)Updated: Sat, 13 Mar 2021 07:35 PM (IST)
नगरीय निकाय चुनावों के बहाने आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश में बढ़ाई सक्रियता
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल

 मोहम्मद रफीक, भोपाल। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बहाने मध्य प्रदेश में सक्रियता बढ़ा दी है। वे खुद हर दूसरे दिन मध्य प्रदेश से आने वाले फीडबैक, कार्ययोजना आदि की समीक्षा कर रहे हैं। केंद्रीय पदाधिकारी और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय के प्रदेश दौरे भी तय हो गए हैं। निकाय चुनाव के लिए दूसरी सूची भी तैयार है।

loksabha election banner

मध्‍य प्रदेश को लेकर अरविंद केजरीवाल गंभीर, हर दूसरे दिन कर रहे समीक्षा

आम आदमी पार्टी (आप) ने नगरीय निकाय चुनावों के लिए बहुत पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। विधानसभा उपचुनाव में भी पार्टी ने अपने प्रत्याशी सिर्फ इसलिए मैदान में नहीं उतारे थे कि उससे निकाय चुनाव की तैयारियां प्रभावित होती। पार्टी सार्वजनिक तौर पर भले ही हर शहर में भारी बहुमत से जीत के दावे करती हो, लेकिन स्पष्ट रणनीति बनाई गई है कि हर शहर में कम से कम पांच वार्डों में जीत हासिल की जाए। इससे पार्टी का जनाधार तैयार होगा और अगले विधानसभा चुनाव में उपस्थिति दर्ज कराई जा सकेगी। 

हर शहर में कुछ वार्डो में जीत की रणनीति

पार्टी ने 107 प्रत्याशियों की पहली सूची पहले ही जारी कर दी है। दूसरी सूची भी लगभग तैयार है। पार्टी सूत्रों का कहना है प्रदेश में चुनाव की तैयारियों को लेकर अरविंद केजरीवाल खुद सक्रिय हैं। हर दूसरे दिन मध्य प्रदेश की समीक्षा की जाती है। इसमें पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देने के साथ भावी रणनीति के बारे में समझाया जाता है। महापौर या नगर पालिका अध्यक्ष जैसे पदों के लिए आए आवेदनों की पड़ताल भी कर रहे हैं।

स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का माडल तैयार

दिल्ली में आप की मोहल्ला क्लिनिक, जल वितरण, वार्डो में सड़क निर्माण और नगर निगम या नगर पालिका से संबंधित अन्य योजनाओं को माडल के तौर पर तैयार किया गया है। पार्टी पदाधिकारियों को इन योजनाओं की जानकारी दी जा रही है ताकि वे जनता के सामने इन्हें रखें और उसी तर्ज पर मध्य प्रदेश में काम करने का भरोसा दिलाएं। उधर, पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों के दौरा कार्यक्रम भी तय कर दिए गए हैं। रविवार को दिल्ली सरकार में मंत्री और मध्य प्रदेश के प्रभारी गोपाल राय भोपाल आएंगे। संकल्प रैली और जनसभा के माध्यम से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी की रणनीति से अवगत कराया जाएगा।

आप (मध्य प्रदेश) के प्रदेश अध्‍यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी निकाय चुनाव में उतरेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नियमित संपर्क में हैं और पार्टी की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। केंद्रीय स्तर से प्राप्त निर्देशों के तहत मैदानी तैयारी की जा रही है। प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जल्द जारी कर दी जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.